Site icon Samagra Bharat News website

श्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री एवं श्री सचिन पायलट ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

जयपुर, 17 दिसम्बर।

राज्यपाल श्री कल्याण सिंह ने सोमवार को जयपुर के अल्बर्ट हॉल पर आयोजित विशेष समारोह में श्री अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री और श्री सचिन पायलट को उप मुख्यमंत्री के पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

राज्यपाल से मुख्य सचिव श्री डीबी गुप्ता ने शपथ दिलाने के लिए आग्रह किया। इसके बाद राज्यपाल श्री सिंह ने श्री अशोक गहलोत को शपथ दिलाई। राज्यपाल ने श्री सचिन पायलट को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। श्री गहलोत तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं।

श्री गहलोत एवं श्री पायलट ने हिन्दी भाषा में ईश्वर के नाम पर शपथ ली। शपथ के पश्चात राज्यपाल और उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। समारोह के दौरान वहां मौजूद अपार जनसमूह ने मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत और उपमुख्यमंत्री श्री सचिन पायलट का तालियों के साथ स्वागत किया। उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।

शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह एवं श्री एचडी देवेगौड़ा, सांसद श्री राहुल गांधी एवं श्री मल्लिकार्जुन खड़गे, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चन्द्रबाबू नायडू, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारास्वामी, पुद्दुचेरी के मुख्यमंत्री श्री वी. नारायणसामी, पूर्व राज्यपाल श्रीमती कमला, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जगन्नाथ पहाड़िया एवं श्रीमती वसुन्धरा राजे, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री श्री फारूख अब्दुल्ला, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जीतनराम मांझी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिद्धारमैया, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री तेजस्वी यादव, तमिलनाडु के पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री एमके स्टालिन उपस्थित थे।

समारोह में पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री शरद पवार, श्री शरद यादव, श्री तारिक अनवर, श्रीमती अम्बिका सोनी, कुमारी शैलजा, श्री अश्विनी कुमार, श्री आनन्द शर्मा, श्री प्रफुल्ल पटेल, श्री जितिन प्रसाद, श्री जितेन्द्र सिंह, श्री राजीव शुक्ला, पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं नवनिर्वाचित विधायक डॉ. सीपी जोशी, सांसद श्रीमती एमके कन्निमोझी एवं श्री संजय सिंह, पंजाब के पर्यटन मंत्री श्री नवजोतसिंह सिद्धू, राजस्थान विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक सहित अनेक राजनेता, जनप्रतिनिधि, गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।

समारोह का शुभारम्भ एवं समापन राष्ट्रगान से हुआ।

Exit mobile version