नई दिल्ली, 25 सितंबर 2020। आज मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस कांफ्रेंस करके बिहार में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि कोविड काल में तीन चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। पहला चरण – 28 अक्टूबर 2020 , दूसरे चरण- 3 नवंबर और तीसरे चरण का चुनाव 7 नवंबर को कराया जाएगा। चुनाव आयोग ने यह भी कहा कि विधान सभा चुनावों के नतीजें 10 नवंबर तक घोषित किए जाएंगे।
चुनाव तीन चरणों में होगा। पहले चरण में 16 जिलों और 71 सीटों पर चुनाव। दूसरे चरण में 17 जिलों में चुनाव होगा। दूसरे चरण में 94 सीटों पर चुनाव होगा।तीसरे चरण में 15 जिलों में 78 सीटों पर चुनाव होगा। पहले चरण की अधिसूचना 1 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है। 28 अक्टूबर को पहले चरण का मतदान होगा। दूसरे चरण के लिए अधिसूचना 9 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 16 अक्टूबर होगी। 3 नवंबर को दूसरे चरण की वोटिंग होगी। इसी तरह तीसरे चरण के लिए अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 20 अक्टूबर होगी। आखिर चरण की वोटिंग 7 नवंबर को होगी। इसके साथ ही 10 नवंबर को चुनाव परिणाम आएंगे।
सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल पर होगी कानूनी कार्रवाई
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चुनाव के दौरान सोशल मीडिया का इस्तेमाल भी एक चुनौती है। सोशल मीडिया पर कोई भी अगर समाज में तनाव पैदा करने की कोशिश करता है तो उसपर कानूनी कार्रवाई होगी। इसके साथ ही उन्होनें यह भी कहा कि सभी मतदान केंद्र ग्राउंड फ्लोर पर ही होंगे। उम्मीदवारों के बारे में जानकारी वेबसाइट पर देनी होगी। उम्मीदवारों पर केस की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
एक बूथ पर सिर्फ 1,000 मतदाता ही मदतान कर पाएंगे। कोरोना मरीज वोटिंग के आखिरी घंटे में वोट डाल पाएंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव में कुल 7 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल कर पाएंगे। बिहार विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन Online और Offline भरे जा सकते हैं। सुबह 7 बजे से शाम के 6 बजे तक होगी वोटिंग। मतदान का समय एक घंटा बढ़ा दिया गया है। नामांकन ऑनलाइन भी किया जा सकेगा। विधानसभा कैंडिडेंट समेत कुल 5 लोग ही डोर टू डोर कैंपेन में शामिल होंगे। 5 से ज्यादा लोग घर जाकर प्रचार नहीं कर पाएंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने यह भी कहा कि कोविड के चलते नए सुरक्षा मानकों के तहत चुनाव होंगे। पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की संख्या घटाई जाएगी। एक बूथ पर 1 हजार मतदाता होंगे। 7 लाख हैंड सैनेटाइजर, 6 लाख पीपीई किट्स, 23 लाख हैंड ग्लब्स का इंतजाम किया गया है। 7 लाख से ज्यादा हैंड सैनिटाइजर और 46 लाख से ज्यादा मास्क उपलब्ध करवाए जाएंगे।
चुनाव में कोविड प्रोटोकॉल का करना होगा पालन
कोरोना संकट आने के बाद देश में ये पहला चुनाव है लिहाजा निर्वाचन आयोग ने कोविड प्रोटोकॉल के मुताबिक, गाइडलाइन्स भी जारी की है। मतदान केंद्रों की तादाद भी डेढ़ गुना से ज्यादा बढ़ा दी गई है। मतदान कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई गई है जबकि हर मतदान केंद्र पर मतदाताओं की तादाद घटा कर सीमित कर दी गई है।
विधानसभा में कुल कितनी सीटें, अभी कितनी किसके पास?
बिहार विधानसभा में कुल 243 विधानसभा सीटें हैं। इस वक्त भाजपा और जदयू का गठबंधन सत्ता में है। राजद बिहार में अभी सबसे बड़ी पार्टी है, जिसके पास 73 सीटें हैं। लेकिन नीतीश कुमार की जदयू ने 2017 में आरजेडी से गठबंधन तोड़कर भाजपा के साथ सरकार बनाई है। बिहार में एक बार फिर चुनावी जंग एनडीए और महागठबंधन के बीच लड़ी जानी है। भाजपा की ओर से ऐलान किया गया है कि एनडीए नीतीश कुमार की अगुवाई में ही चुनाव लड़ेगा।
एनडीए ( कुल सीटें- 130)
• जदयू – 69
• भाजपा – 54
• लोजपा – 2
• हम – 1
• निर्दलीय – 4
महागठबंधन (कुल सीटें 101)
• राजद – 73
• कांग्रेस – 23
• सीपीआई (ML) – 3
• निर्दलीय – 1
अन्य
1. AIMIM – 1
2. खाली सीटें – 12

