Site icon Samagra Bharat News website

सुनील गावस्कर के विराट कोहली पर बयान से मचा बवाल!

नई दिल्ली, 26 सितंबर,2020। बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर को उनके पति पर दिए गए बयान का मुंहतोड़ जवाब दिया है। ज्ञात हो कि सुनील ने गुरुवार को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ उनका नाम लेते हुए केएल राहुल का कैच छोड़ने पर विराट कोहली पर निशाना साधा था। सुनील गावस्कर के इस बयान के बाद कुछ लोगों ने बीसीसीआई से गावस्कर को कमेंट्री पैनल से हटाने तक की बात कर दी।
अनुष्का शर्मा ने इंस्टाग्राम उनका जवाब देते हुए कहा कि मिस्टर सुनील गावस्कर, मैं आपसे कहना चाहती हूं कि आपका बयान काफी अप्रिय है। मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि आप ऐसे बयान क्यों देते हो और एक क्रिकेटर के खेल के लिए उसकी पत्नी को जिम्मेदार क्यों ठहराते हो। मैं यह अच्छे से जानती हूं कि आपने पिछले कुछ सालों में हर क्रिकेटर की पर्सनल लाइफ की रिस्पेक्ट की है तो आपको ऐसा नहीं लगता है कि ऐसा मेरे साथ भी होना चाहिए।’
मुझे यकीन है कि बीती रात से मेरे पति के प्रदर्शन पर कमेंट करने के लिए आपके जेहन में कई वाक्य और शब्द होंगे या आपके शब्द केवल तभी मायने रखते हैं जब उनमें मेरा नाम आया हो। यह 2020 है और मेरे लिए चीजें अब भी नहीं बदली हैं। कब ऐसा होगा जब मुझे क्रिकेट में घसीटना बंद किया जाएगा और इस तरह की एकतरफा टिप्पणियां नहीं की जाएंगी?’ रिस्पेक्टेड मिस्टर गावस्कर, आप एक महान खिलाड़ी हैं जिनका नाम भद्रजनों के इस खेल में ऊंचा स्थान रखता है। मैं बस आपको बताना चाहती थी कि जब आपने ऐसा कहा तो मुझे कैसा लगा।

गौरतलब है कि गुरुवार रात को दुबई में विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और केएल राहुल की किंग्स इलेवन पंजाब के बीच इस टूर्नामेंट का छठा मैच खेला गया। पंजाब के खिलाफ इस मैच में कप्तान कोहली के लिए कुछ भी अच्छा नहीं रहा। कोहली ने पहले शतक जड़ने वाले केएल राहुल के दो कैच छोड़े और इसके बाद बल्ले से भी वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए और सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। आईपीएल की कमेंट्री पैनल के सदस्य भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर इस मैच में कमेंट्री कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया जिसकी वजह से वो विवाद में फंस गए हैं।
कमेंट्री करते समय गावस्कर ने विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा था कि ‘‘वह (कोहली) जानते हैं कि जितना अभ्यास करेंगे उतना बेहतर बनेंगे. जब लॉकडाउन था तो सिर्फ अनुष्का की गेंदबाजी पर उन्होंने अभ्यास किया, हमने वीडियो देखी है, उससे कुछ नहीं होना है।’’

Exit mobile version