Site icon Samagra Bharat News website

सभी क्षेत्रों में लैगिक भेदभाव खत्म करने पर जोर दे रहा भारत- स्मृति ईरानी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्‍ली, 2 अक्टूबर।
संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में महिलाओं पर चौथे विश्‍व सम्‍मेलन में भारत का प्रतिनिधित्‍व करते हुए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने महासभा में कहा कि हम महिलाओं के विकास के साथ साथ महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के प्रतिमान को लेकर आगे बढ़े हैं।
यहां ईरानी ने यह भी कहा कि वह अपने विकास के एजेंडे के सभी पहलुओं में लैंगिक समानता और महिला सशक्तीकरण पर बल दे रहा है। भारत सभी क्षेत्रों में लैंगिक समानता सुनिश्चित करने और लैगिक भेदभाव के सभी रूपों को खत्म करने पर बल दे रहा है।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ऑनलाइन माध्‍यम से अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और उनकी देखभाल सुनिश्चित करने के लिए कई उपाय किए हैं। इसके तहत केंद्रों में एक छत के नीचे महिलाओं को चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक, कानूनी, पुलिस और आश्रय जैसी सहूलियतें मुहैया कराई जा रही हैं।

उधर, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में पाकिस्तान के निरंतर असत्य दुष्प्रचार का जवाब देते हुए भारत ने कहा कि पाकिस्‍तान का एकमात्र उद्देश्य आतंकियों को पालने-पोसने के कृत्य पर चर्चा से बचने के लिए बेवजह का शोर मचाना है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में जवाब देने के अधिकार का इस्‍तेमाल करते हुए भारत ने कहा कि आतंकवाद, अल्पसंख्यकों पर अत्याचार, शिया व अहमदिया मुस्लिमों के खिलाफ हिंसा और उनके साथ भेदभाव की पाकिस्तान की कोई बात दुनिया से छिपी नहीं है।

Exit mobile version