Site icon Samagra Bharat News website

कांगेस के समर्थन में उतरे संजय राउत, पुलिस द्वारा राहुल के साथ हुए बरताव के लिए की निंदा

समग्र समाचार सेवा
मुंबई,2 अक्टूबर।
कंगना रानौत के साथ ट्वीटर वार के बाद अब शिवसेना के संजय राउत कांगेस के समर्थन में उतरे है। हाथरस जाने के क्रम में हुए हंगामे के बाद राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर नोएडा पुलिस ने एफआइआर दर्ज किया है। कांग्रेस का आरोप है कि दोनों नेताओं को गिरफ्तार किया गया और पुलिस ने लाठियां चलायीं और कांग्रेस ने कुछ तस्वीरें जारी कर दावा किया है कि पुलिस ने राहुल के साथ धक्का-मुक्की भी की, जिस कारण वे जमीन पर गिर गये।

इस मामले पर शिवसेना के संजय राउत ने कहा कि भले कांग्रेस के साथ हमारा मतभेद है पर राहुल गांधी एक राष्ट्रीय नेता है और अगर राष्ट्रीय नेता पीड़िता परिवार से मिलने जा रहा है, उसे रोकने की बात मैं मानता हूं कि वहां 144 लगा है या लॉ एंड ऑर्डर कि स्थिति है लेकिन, राहुल गांधी से जिस तरह से बर्ताव किया है वहां कि पुलिस ने उसका समर्थन इस देश में कोई नहीं कर सकता है। राहुल गांधी इंदिरा गांधी के पोते हैं यह हमें भूलना नहीं चाहिए। राहुल गांधी राजीव गांधी के बेटे भी हैं। इन सभी लोगों ने देश के लिए अपनी शहादत भी दी है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की आप राजनीतिक तौर पर आलोचना कर सकते हैं. लेकिन अगर उत्तर प्रदेश में किसी दलित लड़की के साथ घटना घटती है और कोई राष्ट्रीय नेता उसके परिजनों से मिलने जाता है, उसका कॉलर पकड़ा जाता है, उसे धक्का मारा जाता है, उसे गिराया जाता है यह एक तरह से इस देश के लोकतंत्र पर गैंगरेप है। इस गैंगरेप की भी जांच होनी चाहिए।

बता दें कि इससे पहले यूपी सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि जहां भी ऐसी घटना होती है, वह जघन्य अपराध है. राजस्थान में भी वारदात हुई थी, मगर कांग्रेस हाथरस की घटना पर गंदी राजनीति कर रही है। दोनों भाई-बहन को हाथरस से पहले राजस्थान जाना चाहिए।

Exit mobile version