Site icon Samagra Bharat News website

संसद में रवि किशन के बयान के बाद धमकी मिलने से दी गई Y+ सुरक्षा

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर।
सुशांत सिंह की मौत के बाद बॉलीवुड में ड्रग्स को लेकर अफरा तफरी मची जिसके बाद संसद में आवाज उठाने वाले अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी के सांसद रवि किशन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बॉलीवुड में ड्रग्स के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले रवि किशन को Y+ श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इस बात की जानकारी खुद रविकिशन ने गुरुवार सुबह ट्वीट करके दी है।
बता दें कि सुरक्षा ऐसे समय में बढ़ाई गई है, जब मॉनसून सत्र के दौरान संसद में दिए गए बयान के बाद रवि किशन को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली थी।

योगी जी को दिया धन्यवाद
रवि किशन ने ट्वीट किया, ‘पूजनीय महाराज जी, मेरी सुरक्षा को देखते हुए आपने जो Y+ श्रेणी की सुरक्षा मुझे उपलब्ध करवाई है, इसके लिए मैं, मेरा परिवार और मेरे लोकसभा क्षेत्र की जनता आपकी ऋणी हैं और आपका धन्यवाद करती है। मेरी आवाज़ हमेशा सदन में गूंजती रहेगी।’

गौरतलब है कि बॉलीवुड में ड्रग्स का मामला रवि किशन ने लोकसभा में उठाया था। रवि किशन के बयान के बाद जया बच्चन ने भी संसद में बयान दिया था, जिस पर काफी बवाल भी हुआ था। जया बच्चन का बयान ‘जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं’, इशारों-इशारों में रवि किशन की ओर था। रवि किशन के बयान के बाद उन्हें कथित तौर पर धमकी भी मिली थी।

जान से मारने की मिल रही धमकियों के बारे में पूछे गए एक सवाल पर बीजेपी सांसद रवि किशन ने कहा था, ‘हम वक्त पर बताएंगे। देश के बच्चों के भविष्य के लिए, अपने भारत के लिए, फिल्म इंडस्ट्री के बच्चों के लिए, युवाओं के लिए हमने आवाज उठाई है। उसमें हमने ये नहीं सोचा कि मुझे कोई जान से मार देगा। अगर कोई मार भी देता है तो देश के बच्चों के भविष्य के लिए अगर दो-पांच गोली भी खा लेंगे तो कोई चिंता नहीं है।’

Exit mobile version