Site icon Samagra Bharat News website

महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर बनी सहमति, प्रेस कॉन्फ्रेंस में हो सकती है औपचारिक घोषणा

समग्र समाचार सेवा
पटना, 3 अक्टूबर।
बिहार विधानसभा चुनाव के लिये विपक्षी महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति बन गई है और घटक दलों को आवंटित सीटों के बारे में औपचारिक घोषणा शाम में होने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक सीटों के बंटवारे की कवायद को तब गति मिली जब राजद प्रमुख लालू प्रसाद के दूत भोला यादव बृहस्पतिवार को विभिन्न घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे के बारे में लालू प्रसाद का संदेश लेकर रांची से वापस लौटे। राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बताया कि सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया गया है और इसकी घोषणा संभवत: आज शाम को होगी।

बिहार चुनाव में विपक्षी महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल सूत्रधार है। गठबंधन में कांग्रेस, माकपा, भाकपा, सीपीआई (एमएल), विकासशील इंसान पार्टी, झारखंड की सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा शामिल हैं। सूत्रों ने जानकारी दी है कि कांग्रेस के समने 58-60 सीटों का प्रस्ताव रखा गया है और सीपीआई (एमएल) को 13-15 सीट, माकपा और भाकपा को 8-10 सीट, मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी को 8-10 सीट तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा को 2 सीट की पेशकश की गई है और शेष सीटों पर लालू प्रसाद की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल चुनाव लड़ सकती है। बिहार विधानसभा में 243 सीटें हैं।

आज राजद की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव सीटों के बंटवारे के ब्यौरे को प्रेस कान्फेंस में सार्वजनिक कर सकते हैं और इस दौरान विपक्षी गठबंधन के नेता भी उपस्थित रहेंगे।

Exit mobile version