Site icon Samagra Bharat News website

कर्नाटक कांग्रेस चीफ डीके शिवकुमार के 14 ठिकानों पर सीबीआई का छापा

समग्र समाचार सेवा
बेंगलुरु,5 अक्टूबर।
कर्नाटक में आज सीबीआइ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इसके अलावां उनके भाई डीके सुरेश के परिसर में भी सीबीआई जांच कर रही है। जानकारी मिली है कि डीके शिवकुमार और उनके भाई के ठिकानों से सीबीआई ने 50 लाख रुपये जब्त किए हैं।

बता दें कि कर्नाटक सरकार के तत्कालीन मंत्री और अन्य के खिलाफ सीबीआई ने केस दर्ज किया है। उन पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप है। 14 ठिकानों पर छापेमारी जारी है। इनमें से कर्नाटक में 9, दिल्ली में 4 और एक मुंबई में है। इसमें उनके पूर्व निवास डोड्डालहल्ली, कनकपुरा और सदाशिव नगर भी शामिल हैं।

सीबीआई की कार्रवाई से नाराज कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि सीबीआई को इस वक्त येदियुरप्पा सरकार के भ्रष्टाचार की जांच करनी चाहिए। मोदी सरकार के इन हथकंडों के आगे कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं झुकेंगे, ऐसे एक्शन से हम मजबूत ही होंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने भी सीबीआइ के छापे की निंदा की है और कहा कि भाजपा ने हमेशा से ही प्रतिशोधी राजनीति में लिप्त होने और जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की है। डीके शिवकुमार के घर पर सीबीआइ का नया छापा उपचुनावों के लिए हमारी तैयारी को पटरी से उतारने का एक और प्रयास है।

बता दें कि अगस्त 2017 में तलाशी के दौरान आयकर विभाग ने शिवकुमार के नई दिल्ली के फ्लैट से 8.59 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की थी। शिवकुमार पर हवाला से लेनदेन और टैक्स चोरी का आरोप है। पिछले साल, 3 सितंबर को ईडी ने शिवकुमार को गिरफ्तार किया था और उन्हें तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

Exit mobile version