Site icon Samagra Bharat News website

सलामी बल्लेबाज नजीब ताराकई का निधन, सड़क दुर्घटना में सिर पर लगी थी गहरी चोट

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 6अक्टूबर।
क्रिकेट जगत के लिए एक बेहद ही दुखद खबर है। अफगानिस्तान के 29 साल के सलामी बल्लेबाज नजीब ताराकई का मंगलवार को निधन हो गया है। बता दें कि नजीब 2 अक्टूबर को एक सड़क दुर्घटना में बेहद गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिसके बाद वह कोमा में चले गए थे। इस हादसे के दौरान उनके सिर पर गहरी चोट आई थी। आईसीयू में उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व मीडिया मैनेजर ने यह जानकारी देते हुए शनिवार 3 अक्टूबर को बताया कि नजीब को सिर पर आई गंभीर चोट आई थी और वे पिछले 22 घंटों से हिले नहीं।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नजीब ताराकई के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्विटर पर लिखा, ‘एसीबी और क्रिकेट प्रेमी देश अफगानिस्तान ने अपने आक्रामक ओपनिंग बल्लेबाज और बहुत ही उम्दा इंसान नजीब ताराकई (29) को खो दिया है। उनकी एक दुखद सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हम सब शॉक्ड हैं! अल्लाह उस पर अपनी कृपा बरसाए।”

बता दें कि यह हादसा उस समय हुआ जब नजीब अफगानिस्तान के पूर्वी ननगारहर में किराना स्टोर से निकलकर सड़क पार कर रहे थे तभी वहां से गुजर रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

Exit mobile version