Site icon Samagra Bharat News website

देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 72049 नए मामले, मरने वालों की संख्या 986

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 7अक्टूबर।
देश में अनलॉक की प्रक्रिया के साथ साथ कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। कोरोना वायरस का आंकड़ा 67 लाख को पार कर गया है। लेकिन राहत की बात यह कि अब तक 57 लाख (85 फीसद) से ज्यादा लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। देश में फिलहाल 9 लाख से अधिक एक्टिव केस हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 72,049 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान कोरोना से मरने वालों की संख्या 986 रही।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना का कुल आंकड़ा बढ़कर 67 लाख 57 हजार 132 तक पहुंच गया है। देश में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। फिलहाल 57 लाख 44 हजार 694 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। इसके साथ अभी देश में 9 लाख 7 हजार 883 सक्रिय मामले हैं। देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 1 लाख 4 हजार 555 तक पहुंच गई है।

बीते 24 घंटों में देश में 82,203 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं।नए आंकड़ों को मिलाकर देश में कोरोना से अब तक 85.02% लोग ठीक हो चुके हैं। भारत के एक्टिव केस की दर पर नजर डालें तो यह 13.44% है। बीते 24 घंटों में एक्टिव मामलों में 11,140 लोगों की गिरावट दर्ज की गई है। भारत की कोरोना से मृत्यु दर भी काफी कम है। देश की कोरोना मृत्यु दर फिलहाल 1.55% है।

Exit mobile version