Site icon Samagra Bharat News website

पुजारी को जिंदा जलाने का मामले- परिवार ने शव के अंतिम संस्कार से किया इंकार

समग्र समाचार सेवा
जयपुर,10 अक्टूबर।

राजस्थान के करौली जिले के सपोटरा इलाके के बूकना गांव में दबंगों द्वारा पुजारी बाबूलाल वैष्णव को जलाकर मार देने का मामला तूल पकड़ चुका है। परिवार ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। परिवार का कहना है कि आरोपियों को फौरन गिरफ्तार किया जाए। साथ ही आरोपियों की मदद करने वाले पटवारी और पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

पीड़ित परिवार का कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं की जाती तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। वहीं, इस मामले को लेकर गांव में विरोध और प्रदर्शन भी शुरू हो गया है।
गौरतलब है कि जमीन विवाद पर बाबूलाल को गांव के दबंगों ने बुधवार को पेट्रोल डालकर जला दिया था। जयपुर के SMSअस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी कैलाश मीणा को गिरफ्तार कर लिया है, बाकियों की तलाश जारी है।

करौली के एसडीएम ओम प्रकाश मीणा ने कहा है कि पुजारी के परिजनों द्वारा रखी गई मांग को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी सरकार को परिवार की मांग के बारे में बताएंगे। हमारा परिजनों से अनुरोध है कि वे शव की अंतिम यात्रा निकालें, क्योंकि शव को रखे हुए दो दिन बीत चुके हैं।

Exit mobile version