Site icon Samagra Bharat News website

हाथरस मामला में आज होगी हाईकोर्ट में सुनवाई

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 12 अक्टूबर।
हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में हाथरस घटना में पीड़िता का परिवार की मर्जी के बिना और रातोरात अंतिम संस्कार कराने के मुद्दे पर आज सुनवाई होगी। इसके लिए आज भारी पुलिस सुरक्षा के बीच पीड़ित परिवार हाथरस से लखनऊ के लिए रवाना हुआ। एसडीएम अंजली गंगवार सीओ शैलेन्द्र बाजपेयी भी पीड़ित परिवार के साथ लखनऊ रवाना हुई है। जनपद के डीएम प्रवीन लक्ष्यकार व एसपी भी साथ में मौजूद हैं।

छह गाड़ियों के काफिले के साथ पीड़ित परिवार के पांच सदस्य आज लखनऊ हाईकोर्ट पहुचेंगे जहां 2 बजे पीड़ित परिवार पेश होगा। उक्त मामला ‘गरिमापूर्ण ढंग से अंतिम संस्कार के अधिकार’ टाइटिल के तहत न्यायमूर्ति पंकज मित्तल व न्यायमूर्ति राजन रॉय की खंडपीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया गया है। इस मामले से जुड़े अधिकारियों को भी आज हाईकोर्ट में पेश होना है।

बता दें कि 1 अक्तूबर को इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए, अपर मुख्य सचिव गृह, पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था, जिलाधिकारी हाथरस और पुलिस अधीक्षक हाथरस को तलब किया था। न्यायालय ने मृतक पीड़िता के मां-पिता, भाई व बहन को भी हाजिर होने को कहा था, ताकि अंतिम संस्कार के सम्बंध में उनके द्वारा बताए तथ्यों को भी जाना जा सके। वहीं न्यायालय ने अधिकारियों को मामले से सम्बंधित दस्तावेज इत्यादि लेकर उपस्थित होने का आदेश दिया था। साथ ही विवेचना की प्रगति भी बताने को कहा था।

Exit mobile version