Samagra Bharat News website

जनता दल यूनाइटेड के अध्‍यक्ष व मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने 15 बागी नेताओं को दिखाया बाहर का रास्‍ता

समग्र समाचार सेवा
पटना, 13 अक्टूबर।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड से जुड़ी यह बड़ी खबर है। जेडीयू ने पार्टी से बगावत कर दूसरे दलों का दामन थामने वाले 15 नेताओं को बाहर का रास्‍ता दिखा दिया है। उन्‍हें पार्टी ने छह साल के लिए निष्‍कासित कर दिया है। ज्ञात हो कि एक दिन पहले भारतीय जनता पार्टी ने भी ऐसी ही कार्रवाई करते हुए अपने प्रदेश उपाध्‍यक्ष सहित नौ नेताओं को निष्‍कासित कर दिया था।

जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने 15 नेताओं पर बड़ी कार्रवाई की है। सभी पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

पार्टी से निकाले गए नेताओं में विधायक ददन यादव, पूर्व मंत्री रामेश्वर पासवान, भगवान सिंह कुशवाहा, डॉ. रणविजय सिंह, सुमित कुमार सिंह, कंचन कुमारी गुप्ता, प्रमोद सिंह चंद्रवंशी, अरुण कुमार (युवा जेडीयू), तजम्मूल खान, अमरेश चौधरी, शिव शंकर चौधरी, सिंधु पासवान, करतार सिंह यादव, राकेश रंजन, मुंगेरी पासवान शामिल हैं।

Exit mobile version