Site icon Samagra Bharat News website

ICMR ने दी चेतावनी- कोरोना से ठीक होने के बाद भी 100 दिनों तक है दोबारा संक्रमित होने का खतरा

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर।
ICMR ने चेतावनी दी है कि कोरोना से ठीक होने के बाद भी 100 दिनों तक दोबारा संक्रमित होने का खतरा रहता है। जी हां भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने मंगलवार को कहा कि देश में कोरोना वायरस से दोबारा संक्रमण के तीन मामले मिले हैं। इनमें से दो केस मुंबई और अहमदाबाद में एक केस सामने आया है। आइसीएमआर के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा कि दोबारा संक्रमित होने की समय सीमा 100 दिन तय की गई है। कई अध्ययनों में भी यह सामने आया है कि एक बार संक्रमित होने वाले व्यक्ति के शरीर में आमतौर पर चार महीने तक एंटीबॉडीज मौजूद रहती है।

उन्होंने कहा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की तरफ से हमें कुछ डाटा मिला है, जिसमें दुनियाभर में दोबारा संक्रमण के दो दर्जन मामलों का जिक्र है। दोबारा संक्रमित होने वाले लोगों से टेलीफोन पर बात कर कुछ डाटा एकत्र करने की कोशिश की जा रही है। भार्गव ने कहा कि डब्ल्यूएचओ ने भी अभी तक यह नहीं बताया कि कोई व्यक्ति 90 दिन, 100 दिन या 110 दिन बाद दोबारा संक्रमित हो सकता है। लेकिन अब सरकार ने इसकी समय सीमा 100 दिन तय कर दी है। इसके मुताबिक 100 दिन बाद दोबारा संक्रमित होने का खतरा है।

देशभर में कोरोना से हालात सुधर रहे हैं, लेकिन केरल, कर्नाटक और बंगाल में हालात ठीक होते नजर नहीं आ रहे। केरल में फिर देशभर में सबसे ज्यादा नए केस मिले हैं। केरल में 8,764, कर्नाटक में 8,191 और बंगाल में 3,631 नए मामले सामने आए हैं। केरल और बंगाल में संक्रमितों की संख्या तीन लाख को पार कर गई है, जबकि कर्नाटक में इनकी संख्या 7.26 लाख है।

Exit mobile version