Site icon Samagra Bharat News website

भारत के साथ शांति वार्ता का नाटक करने वाला चीन कर रहा युद्ध की तैयारी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,15 अक्टूबर।
पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर सीमा विवाद को लेकर भारत और चीन के बीच तनातनी जारी है। भारत के साथ शांति वार्ता की बात करने का नाटक करने वाला चीन असल में भीतर ही भीतर युद्ध की भी तैयारी कर रहा है। चीन के नापाक इरादे उस वक्त सामने आ गए, जब चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपनी सेना से युद्ध के लिए तैयार रहने को कहा। साथ ही जिनपिंग ने चीनी सेना को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मंगलवार को गुआंगडोंग के दक्षिणी प्रांत में एक सैन्य अड्डे का दौरा किया और सैनिकों को युद्ध की तैयारी करने को कहा। जिनपिंग ने पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी से कहा कि अपना पूरा दिमाग और ऊर्जा युद्ध की तैयारी पर लगाओ।

जानकारी के अनुसार चीन के राज्य गुआंगडोंग में शी जिनपिंग के पहुंचने का मुख्य उदेश्य शेनझेन स्पेशल इकोनॉमिक जोन की 40वीं वर्षगांठ के मौके पर भाषण देना था। चीन की अर्थव्यवस्था को दुनिया में दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में इसका बड़ा योगदान रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक चाओझोउ शहर में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी मरीन कॉर्प्स के निरीक्षण के दौरान जिनपिंग ने सैनिकों से हाई अलर्ट मोड में रहने को कहा है। साथ ही उन्होंने चीनी सैनिकों को पूरी तरह से वफादार, बिल्कुल शुद्ध और भरोसेमंद रहने को भी कहा है।

एक भारतीय सैन्य अधिकारी ने कहा कि हालांकि चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने वार्ता के माध्यम से गतिरोध को हल करने की इच्छा दिखाई, लेकिन उसकी ओर से इसके लिए जमीन पर कोई स्पष्ट कदम नहीं उठाया गया है। भारत का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्र में टकराव वाले बिंदुओं से सैनिकों की वापसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी चीन पर है। यह भी पता चला है कि चीनी प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार की वार्ता में सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया शुरू करने के लिए एक प्रस्ताव रखा था।

Exit mobile version