Site icon Samagra Bharat News website

विधायक सुरेंद्र सिंह की हरकतों से बेहद नाराज भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, दी कड़ी चेतावनी

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 19अक्टूबर।
बलिया के रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव में कोटा की दुकान के आवंटन के दौरान फायरिंग के मुख्य आरोपित धीरेंद्र प्रताप सिंह के पक्ष में लगातार बयानबाजी बलिया के बैरिया से भाजपा के विधायक सुरेंद्र सिंह को बेहद भारी पड़ सकती है। बलिया कांड मामले में मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह के पक्ष में बयानबाजी करने वाले बैरिया के विधायक सुरेंद्र सिंह से भाजपा केंद्रीय संगठन ने बेहद नाराजगी जताई है।

अपने स्वाभाव के विपरीत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस प्रकरण पर विधायक सुरेंद्र सिंह को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। नड्डा ने भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से फोन पर वार्ता में साफ कहा है कि विधायक जांच को प्रभावित करने का प्रयास न करें। यह ठीक नहीं होगा।
उन्होंने साफ लहजे में कहा है कि हम ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं करेंगे। विधायक लगातार इस केस में बयान देते फिर रहे हैं। पार्टी को विधायक के ऐसे बयान बर्दाश्त नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बलिया कांड की जांच से विधायक दूर रहें तो बेहतर होगा। अगर उन्होंने जांच प्रभावित करने का प्रयास किया तो फिर कठोर कार्रवाई होगी।

गौरतलब है कि 15 अक्टूबर को बलिया के रेवती थाना इलाके के दुर्जनपुर गांव के पंचायत भवन में राशन दुकान आवंटन की प्रक्रिया चल रही थी। हनुमानगंज और दुर्जनपुर के राशन दुकान के चयन को लेकर दो पक्षों में हंगामा हो गया। इस दौरान देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे। धीरेंद्र प्रताप सिंह पर आरोप है कि उसने फायरिंग कर दी। इसमें जयप्रकाश पाल (45) की मौत हो गई। धीरेंद्र प्रताप सिंह को इस मामले में रविवार को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया है।

Exit mobile version