Samagra Bharat News website

फरार राकेश न्यायिक को गिरफ्तार करने पहुंची गाज़ीपुर पुलिस

समग्र समाचार सेवा
वाराणसी, 29अक्टूबर।
शिवपुर क्षेत्र के चर्चित राकेश न्यायिक के घर गुरुवार को गाजीपुर पुलिस छापेमारी के लिए पहुंची। घर में तालाबंद देख पुलिस मुख्य दरवाजे पर न्यायालय की नोटिस चस्पा कर वापस लौट गई। छापेमारी को लेकर क्षेत्र में गुरुवार को दिनभर चर्चा रही।

गाजीपुर पुलिस के अफसरों के अनुसार सादात क्षेत्र के दिलीपराय पट्टी निवासी जिला पंचायत सदस्य मारकंडे सिंह को बीते 26 अक्तूबर की रात गोली मारी गई थी। इस मामले में न्यायिक और दो अज्ञात के खिलाफ सादात थाने में हत्या के प्रयास सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज है।

इसी प्रकरण में राकेश न्यायिक के घर छापेमारी के लिए पुलिस टीम पहुंची। ज्ञात हो कि राकेश न्यायिक अपराध जगत के चर्चित लोगों और बाहुबली विधायकों के खिलाफ कानूनी लड़ाई और बयानबाजी के लिए चर्चित है। बाहुबली एमएलसी बृजेश सिंह और बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के खिलाफ अक्सर बयान देते रहते हैं।

बता दें कि राकेश न्यायिक ने बुधवार देर शाम एक वीडियो वायरल करते हुए आरोप लगाया था कि उनके विरोधी गाज़ीपुर के एमएलसी समेत कई बड़े नेता और माफियाों ने मिलकर साजिश के तहत उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उनके विरोधी उनकी हत्या करना चाहते हैं।

वहीं इस सम्बंध में राकेश न्यायिक ने मीडिया को जारी बयान में कहा है कि उन्हें बाहुबलियों के इशारे पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की साजिश रची गयी है। इसके बाद वे परिवार समेत इलाहाबाद निकल गए हैं। न्यायिक के अनुसार वहां वे हाइकोर्ट के न्यायाधीश के गेट के सामने धरना देंगे और इंसाफ की गुहार लगाएंगे।

Exit mobile version