Site icon Samagra Bharat News website

रोहित शर्मा के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने को लेकर BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने दिया बड़ा बयान

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 3नवंबर।
भारतीय क्रिकेट टीम आईपीएल 2020 के बाद ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी जहां उसे वनडे ,टी20 और टेस्ट सीरीज खेलनी है. इस सीरीज के लिए भारतीय चयनकर्ताओं ने पिछले सप्ताह टीम इंडिया का चयन किया। ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए सेलेक्टर्स ने रोहित शर्मा और इशांत शर्मा को टीम में जगह नहीं दी।

रोहित इस समय हैम्स्ट्रिंग चोट से जूझ रहे हैं जबकि पेसर इशांत शर्मा भी चोट की वजह से आईपीएल के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर हैं. चोटिल होने के बावजूद रोहित को कई बार प्रैक्टिस करते हुए नेट्स में देखा गया जिसके बाद सवाल उठने लगे हैं कि यदि वह चोटिल हैं तो फिर नेट्स में क्या कर रहे हैं।

इन सबके बीच बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने एक इंटरव्यू में कहा है कि यदि रोहित अपनी फिटनेस साबित कर देते हैं तो उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए सेलेक्टर्स दोबारा टीम में शामिल करने पर विचार कर सकते हैं।

बकौल गांगुली, ‘हम इशांत और रोहित की निगरानी कर रहे हैं. इशांत पूरी तरह से आउट नहीं हुए. वह टेस्ट सीरीज का हिस्सा बन सकते हैं. रोहित के लिए हम चाहते हैं कि वह ऑस्ट्रेलिया के लिए फिट हों. अगर वह फिट हैं, तो मुझे यकीन है कि चयनकर्ता उनकी स्थिति पर फिर से विचार करेंगे.’

चोट की वजह से रोहित पिछले कई मैचों से मुंबई इंडियंस टीम से बाहर हैं. उनकी जगह आईपीएल में कई मैचों में मुंबई की कप्तानी कीरोन पोलार्ड कर रहे हैं।

Exit mobile version