Site icon Samagra Bharat News website

पीएम मोदी ने कसा तंज- रंगबाजी-रंगदारी और डबल युवराज यहां नहीं चलेंगे

समग्र समाचार सेवा
पटना, 3नवंबर।
बिहार में तीसरे चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार करने अररिया पहुंचे पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए जहां बिहार की जनता को समझदार कहा तो वहीं विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि दो-दो युवराज हैं और दोनों में किसी युवराज की यहां नहीं चलेगी. अब बिहार की जनता रंगबाजी और रंगदारी नहीं चुनेगी, ‘बिहार की पवित्र भूमि ने ठान लिया है कि इस नए दशक में बिहार को नई ऊंचाई पर पहुंचाएंगे।

बिहार के लोगों ने जंगलराज को, डबल-डबल युवराजों को सिरे से नकार दिया है. आज NDA के विरोध में जो लोग खड़े हैं, वो इतना कुछ खाने-पीने के बाद अब फिर से बिहार को लालच भरी नजरों से देख रहे हैं. लेकिन बिहार की जनता जानती है कि कौन बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और कौन अपने परिवार के विकास के लिए।

मोदी ने कहा कि आज बिहार में अहंकार हार रहा है, परिश्रम फिर जीत रहा है आज बिहार में घोटाला हार रहा है, लोगों का हक़ फिर जीत रहा है. आज बिहार में गुंडागर्दी हार रही है, कानून का राज वापस लाने वाले फिर जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार वो दिन भूल नहीं सकता, जब चुनाव को इन लोगों ने मजाक बनाकर रख दिया था। इन के लिए चुनाव का मतलब था- चारो तरफ हिंसा, हत्याएं, बूथ कैप्चरिंग. बिहार के गरीबों से इन लोगों ने वोट देने तक का अधिकार छीन रखा था।

पीएम मोदी ने कहा, कोरोना के संकटकाल में बिहार के लोग अपने घरों से निकल रहे हैं, इतनी बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं। लोकतंत्र की इतनी बड़ी ताकत, लोकतंत्र के प्रति हर बिहारी का इतना बड़ा समर्पण ये पूरे विश्व के लिए एक भरोसा जगाने वाली घटना है।

Exit mobile version