Site icon Samagra Bharat News website

शिमला में एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर खाते से उड़ाए 1.07 लाख रुपए

समग्र समाचार सेवा
शिमला,5नवंबर।
राजधानी शिमला में एटीएम क्लोनिंग से ठगी की घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में भाजपा विधायक की बेटी भी इस तरह की ठगी की शिकार हुई थी। चोरो में फिर ठीक उसी तरह से एक व्यक्ति के बैंक खाते से 1.07 लाख रुपए उड़ा लिए हैं। पीडि़त छोटा शिमला स्थित पंजाब सरकार के सिडार रेस्ट हाउस का कर्मचारी है। पुलिस आशंका जता रही है कि कर्मी के एटीएम की क्लोनिंग कर उनके बैंक खाते से पैसे निकाले गए हैं। इस बारे में पीडि़त योगराज ने पुलिस थाना छोटा शिमला में शिकायत दी है।

पुलिस को दी शिकायत में योगराज ने कहा है कि उसका शिमला में एक सरकारी बैंक में खाता है। कुछ दिन पहले वे बैंक गए तो पता चला कि उनके बैंक खाते से करीब 1.07 लाख रुपए की ट्रांजेक्शन हुई है। हालांकि योगराज का कहना है कि उन्होंने किसी से भी अपने बैंक या एटीएम कार्ड की डिटेल शेयर नहीं की है। इस बारे में बैंक में शिकायत करने पर पता चला है कि योगराज के बैंक खाते से हरियाणा के हिसार में एटीएम से पैसे निकाले गए। ये ट्रांजेक्शन 16 अक्टूबर से लेकर 31 अक्टूबर तक कई बार हुई है। कर्मचारी भी बैंक खाते से पैसे निकाले जाने से हैरान है क्योंकि एटीएम कार्ड भी उनके पास ही था।

एएसपी परवीर ठाकुर ने बुधवार को बताया कि पीडि़त की तहरीर पर आईपीसी की धारा 420 के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

Exit mobile version