Site icon Samagra Bharat News website

अपने विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर बोले वीरभद्र सिंह- पूर्व सरकार की घोषणाओं को रोकने की कोशिश की तो कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे

समग्र समाचार सेवा
शिमला,6नवंबर।
हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह ने कहा है कि पिछली सरकार की घोषणाओं को रोकने की कोशिश की गई तो अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा। वीरभद्र सिंह ने कुनिहार में आज पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इसके लिये भूख हड़ताल से भी गुरेज नहीं किया जाएगा। वह आज अपने विधानसभा क्षेत्र अर्की के कुनिहार में एक दिवसीय दौरे पर थे । उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में उप तहसील कुनिहार के भवन निर्माण के लिए कांग्रेस सरकार ने 50 लाख रुपये स्वीकृत किए थे, लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद अभी तक निर्माण भी शुरू नहीं हो पाया है।

उन्होंने कहा कि जयनगर व दाड़लाघाट कॉलेज स्वीकृत किए थे व इनके भवन का प्रारूप भी तैयार था। लेकिन इन भवनों का भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने सरकार को चेताया कि पूर्व सरकार की घोषणाओं को रोकने की कोशिश की तो कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा। भूख हड़ताल से भी गुरेज नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नागरिक स्वास्थ्य केंद्र कुनिहार में 108 व 102 एंबुलेंस का न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारी सरकार ने कभी कोई कार्य नहीं रोका। मेरे कहने पर भी सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि नक्शे बगैरा सभी कार्य पूरे हो चुके है। लेकिन सरकार ने कार्य रोक कर रखा है। उन्होंने कहा कि अन्यथा परिणाम भुगतने को तैयार रहे।

सिंह ने कहा कि पंचायती राज चुनावों में किसी भी पार्टी का दखल नहीं होना चाहिए। पंचायत चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़े जाने चाहिए। इससे पूर्व वीरभद्र सिंह स्व. महाराज पद्म देव सिंह मेमोरियल स्टेडियम तालाब में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों से भी मिले।

Exit mobile version