Site icon Samagra Bharat News website

देश के लाखों बैंककर्मियों को मिलेगा दिवाली का उपहार, सेलरी में होगी बढ़ोत्तरी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,12 नवंबर।
दिवाली से पहले बैंक यूनियन और इंडियन बैंकिंग एसोसिएशन (आईबीए) के बीच बैंककर्मियों के वेतन को लेकर चल रही समझौता वार्ता बुधवार को पूरी हो गई। इससे देश के बैंकों में कार्यरत करीब 8.5 लाख कर्मियों के वेतन में 15 फीसदी का इजाफा होगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सार्वजनिक क्षेत्र के 8.5 लाख बैंक कर्मचारियों को इस दिवाली पर 5 साल के लिए 15 फीसदी वेतनवृद्धि का तोहफा मिला है। भारतीय बैंक संघ की कर्मचारी व अधिकारी संघों के साथ वार्ता के बाद यह सहमति बनी।

आईबीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील मेहता ने बुधवार को कहा कि आईबीए 11 नवंबर को बैंक यूनियनों और संघों के साथ 11वें द्विपक्षीय वेतन समझौते के समापन की घोषणा कर रहा है। यह समझौता सैलरी स्लिप में 15 फीसदी की वृद्धि प्रदान करता है। यह वृद्धि एक नवंबर 2017 से लागू होगी और 5 साल तक के लिए मान्य होगी। बैंककर्मियों को 36 महीने का एरियर भी मिलेगा। सार्वजनिक, निजी और विदेशी बैंकों सहित लगभग 37 बैंकों ने कर्मचारियों के लिए वेतन वृद्धि पर यूनियनों के साथ बातचीत करने के लिए आईबीए को अधिकृत किया था।

नए वेतनमान से बैंकों के ऊपर सालाना 7 हजार 898 करोड़ रुपए का अतिरिक्त खर्च आएगा। आईबीए ने आगे कहा कि बैंककर्मियों को प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कृत करने के लिए पहली बार प्रदर्शन से जुड़े प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना को शुरू किया जा रहा है। यह योजना चालू वित्त वर्ष से प्रभावी होगी। बैंक कर्मचारियों को इस वेतन समझौते का नवंबर 2017 से इंतजार था। इसके लिए बैंक संगठनों ने कई आंदोलन और हड़ताल तक की।

Exit mobile version