Site icon Samagra Bharat News website

पंजाब में ट्रेन सेवाएं हुई बहाल, रेलवे ने जारी किया नोटिफिकेशन

समग्र समाचार सेवा
चंडीगढ़,23नवंबर।

रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी निकलकर सामने आ रही है। दरअसल, पंजाब में रेल सेवाएं फिर से बहाल होने जा रही हैं। रेलवे ने इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। रेल मंत्री पियूश गोयल ने आज सुबह ट्वीट करके भी इसकी जानकारी दी है। पंजाब में आज से मालगाड़ियों का परिचालन शुरू हो जाएगा। वहीं कल यानि मंगलवार से यात्री ट्रेनों का संचालन भी शुरू हो जाएगा।

बता दें कि रेलवे ने शनिवार को कहा था कि उसे मालगाड़ियों तथा सवारी गाड़ियों का संचालन फिर से शुरू करने को लेकर पटरियों के खाली होने के बारे में पंजाब सरकार की ओर से जानकारी मिली है, लिहाजा राज्य में जल्द ही ट्रेन सेवाएं बहाल की जाएंगी।

गौरतलब है कि केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने ट्रेन सेवाओं का संचालन फिर से शुरू करने पर सहमति दी थी। सूत्रों ने संकेत दिया कि मंगलवार से मालगाड़ियों और सवारी गाड़ियों का संचालन फिर से शुरू हो जाएगा। रेल मंत्रालय ने ट्वीट किया था कि रेलवे को मालगाड़ियों तथा सवारी गाड़ियों का संचालन फिर से शुरू करने को लेकर पंजाब सरकार की ओर से जानकारी मिली है। साथ ही यह भी बताया गया है कि ट्रेनों के संचालन के लिये अब पटरियां खाली हो चुकी हैं। मंत्रालय ने कहा कि रेलवे आवश्यक रख-रखाव जांच और अन्य प्रोटोकॉल को पूरा करने के बाद पंजाब में जल्द से जल्द ट्रेन सेवाएं बहाल करने के लिये कदम उठाएगा।

इससे पहले केन्द्र के कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों ने सोमवार से 15 दिन के लिए यात्री ट्रेनों के लिये नाकाबंदी हटाने का फैसला लिया था। हालांकि उन्होंने कहा था कि अगर सरकार उनके मुद्दों का समाधान निकालने में विफल रही तो वे दोबारा नाकाबंदी कर देंगे। पंजाब में 24 सितंबर से ट्रेन सेवाएं निलंबित हैं जब किसानों ने कृषि कानूनों के खिलाफ रेल रोको आंदोलन शुरू किया था।

Exit mobile version