Site icon Samagra Bharat News website

हरभजन सिंह ने बताया सिडनी वनडे में टीम इंडिया की हार का असली कारण

 समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 28नवंबर।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में मिली हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम की खराब बल्लेबाजी और औसत दर्जे की गेंदबाजी की आलोचना हो रही है लेकिन सीनियर स्पिनर हरभजन सिंह मुताबिक टीम इंडिया की हार का असली कारण बल्लेबाजी या गेंदबाजी नहीं बल्कि खराब फील्डिंग थी।

इंडिया टुडे लाइव पर हरभजन ने कहा कि चीजें भारत के पक्ष में नहीं गईं। मैं ये कहूंगा कि भारत ने कुछ अच्छी क्रिकेट खेली लेकिन टुकड़ों में। लेकिन हां, फील्डिंग खराब थी, काफी मिसफील्ड हुई, कई कैच छूटे।

सीनियर क्रिकेटर ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आप हर मौके को पकड़ना चाहते हैं, लेकिन दुर्भाग्य से इस मैच में वो नहीं हुआ। अगर फील्डर गेंदबाजों को सपोर्ट नहीं करेंगे, गेंदबाज को तकलीफ पहुंचेगी। आज भी वैसा ही हुआ।

सिडनी वनडे में भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने सबसे अच्छी गेंदबाजी की, उन्होंने 10 ओवर में 59 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल और नवदीप सैनी को एक-एक विकेट ही मिला।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि शमी के अलावा सभी का दिन खराब था। ये पहला मैच था और ऑस्ट्रेलिया में खेलने के लिए आपको उछाल और स्थिति के अनुकूल ढलना होता है। इसलिए भारतीय गेंदबाजी क्रम ने, पहली बात तो नई गेंद के साथ शुरुआती ओवर में थोड़ी छोटी लेंथ डाली।”

हरभजन ने आगे कहा, “वो शुरुआती विकेट लेने के लिए फुल लेंथ करा सकते थे, जो कि हुआ नहीं। और यही एक कारण है कि ऑस्ट्रेलिया ने बोर्ड पर इतने रन लगा दिए जिससे भारत की संभावना कम हो गई।

Exit mobile version