Site icon Samagra Bharat News website

दर्दनाक हादसा: पाली में चलती बस में घुसा 100 फीट लंबा गैस पाइप, महिला की कटी गर्दन

समग्र समाचार सेवा
पाली,2दिसंबर।
जिले के सांडेराव थाना इलाके के निकट जयपुर-अहमदाबाद एनएच-162 पर मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे भूमिगत गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान कंपनी के अधिकारियों-कर्मचारियों व बस चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा हाे गया। कंपनी की टीम हाइड्रोलिक मशीन से पाइप उठाकर उसे खड्डे में डाल रही थी, लेकिन हवा में झूलता करीब 100 फीट लंबा और 2 फीट चौड़ाई वाला लाेहे का पाइप उधर से गुजर रही निजी ट्रेवल्स की बस के आर-पार हाे गया। बताया जा रहा कि इससे एक यात्री की गर्दन कट गई और एक यात्री का सिर पूरी तरह से फट गया। हादसे के बाद वहां अफरातफरी मच गई। हादसे के बाद के बस के हालात देखकर हर कोई हैरत में पड़ गया।

हादसे में बस की ड्राइवर साइड पूरी साफ हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर सीओ सुमेरपुर रजत विश्नोई, सांडेराव थानाधिकारी धोलाराम परिहार मौके पर पहुंचे। घायलों को सांडेराव अस्पताल लाया गया, जहां से तीन गंभीर घायलों को पाली रैफर कर दिया गया। हादसे में बाद हाइवे जाम हो गया। पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत के बाद हाइवे सुचारू करवाया।

पुलिस के अनुसार सांडेराव के निकट हाइवे किनारे अंडरग्राउण्ड पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। यहां हाइड्रो मशीन से पाइप बिछाए जा रहे हैं। सौ फीट लम्बे पाइप को हाइड्रो मशीन से बिछाने के लिए उठाया गया, इस दौरान पाइप लहराता हुआ हाइवे पर आ गया। इस दौरान तेज रफ्तार में निजी बस आ रही थी, पाइप बस में ड्राइवर साइड से होते हुए आर-पार निकल गया। बस की एक साइड पूरी तरह से साफ हो गई।

हादसे में भंवर लाल निवासी ईसाली व मैना देवी पत्नी दीपाराम देवासी इसाली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि चुन्नीलाल निवासी बडीसा, नीलम, भुण्डाराम निवासी सेखावास, कमला निवासी निवासी बाबा गांव, सूजाराम निवासी चिरपटिया, रानी, किरण, भारती, देवी, अम्बालाल निवासी केसरगढ़ सहित 13 जने घायल हो गए।

वहीं पुलिस का कहना है कि मौके पर टोल कम्पनी ने यातायात एक तरफा नहीं करवाया था, इस कारण हादसा हुआ। पुलिस ने चार दिन पहले ही इसी कम्पनी के जेसीबी व ट्रैक्टर को हाइवे पर बेतरतीब खड़े रहने के कारण जब्त किया था, बावजूद इसके कम्पनी लापरवाही बरत रही थी।

Exit mobile version