Site icon Samagra Bharat News website

अमित शाह से मुलाकात के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह बोले- जल्द से जल्द किसान आंदोलन का समाधान निकालने को कहा

समग्र समाचार सेवा
चंडीगढ़, 3 दिसंबर

कृषि कानूनों के मुद्दे पर किसानों और केंद्र के बीच हुई वार्ता से पहले आज पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके घर पर मुलाकात की। दोनों नेताओं ने तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर चर्चा की। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गृह मंत्री से नए कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसानों के प्रदर्शन को समाप्त करने के लिए जल्द समाधान निकालने को कहा। अमरिंदर सिंह ने कहा कि यह मेरे राज्य की अर्थव्यवस्था और राष्ट्र की सुरक्षा को प्रभावित करता है।

बैठक के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कृषि कानूनों के मुद्दे पर किसानों और केंद्र के बीच वार्ता चल रही है। इस मामले में उनके हाथ में कुछ नहीं है। उन्होंने गृह मंत्री के साथ बैठक में अपना विरोध दोहराया और उनसे इस मुद्दे को हल करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि उनके लिए ऐसी कोई चीज नहीं है जिसे सुलझाया न जा सके। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री के साथ बैठक में उन्होंने अपनी बात रखी और उनसे इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाने को कहा।

सूत्रों के अनुसार बैठक सुबह होनी थी लेकिन दो घंटे विलंब के कारण दोपहर में शुरू हुई। पंजाब के मुख्यमंत्री और उनकी कांग्रेस पार्टी किसान आंदोलन का समर्थन कर रही है और पंजाब विधानसभा ने केन्द्र के नए कृषि कानूनों को निष्प्रभावी बनाने के लिए विधेयक भी पारित किए हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पहले कहा था कि वह और उनकी सरकार सभी के सामूहिक हित में केंद्र और किसानों के बीच मध्यस्थता के लिए तैयार हैं। प्रदर्शनकारी किसान राष्ट्रीय राजधानी से लगी सीमाओं पर डटे हैं और सरकार से नये कृषि कानून वापस लेने की मांग कर रहे हैं। उनमें से ज्यादातर किसान पंजाब से हैं।

Exit mobile version