Site icon Samagra Bharat News website

देश के इस शहर में हेलमेट नहीं पहनने वालों को नहीं मिलेगा पेट्रोल

समग्र समाचार सेवा
कोलकाता, 5 दिसंबर

देश के विभिन्न राज्यों में ट्रैफिक नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अलग-अलग स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी तरह का एक प्रयास कोलकाता पुलिस द्वारा किया जा रहा है। प्रयास के तहत हेलमेट नहीं पेट्रोल योजना शुरू की जा रही है। यह नियम 8 दिसंबर से लागू हो जाएगा। इस बारे में कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस नियम के तहत बिना हेलमेट पहने बाइक सवारों को पेट्रोल देने से पेट्रोप पंप संचालकों को रोका जाएगा। उन्होंने बताया कि यह नियम 8 दिसंबर से लागू होगा और अगले 60 दिन तक जारी रहेगा।

कोलकाता पुलिस आयुक्त अनुज शर्मा ने शुक्रवार को जारी आदेश में कहा, ‘ऐसा पाया गया कि कई मौकों पर दोपहिया वाहन चला रहे या पीछे बैठे लोग हेलमेट नहीं पहनते हैं और कई स्तरों पर नियमों का उल्लंघन बढ़ा है।’ उल्लेखनीय है कि जुलाई 2016 में बाइकसवारों के हेलमेट नहीं पहनने को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamta Banerjee) द्वारा नाराजगी जाहिर करने के बाद शहर की पुलिस ने इसी तरह का नियम ‘ हेलमेट नहीं, पेट्रोल नहीं’ लागू किया था। कोलकाता के पेट्रोल पंप मालिकों ने इस फैसला का स्वागत किया है। अंग्रेजी अखबार को पेट्रोल पंप मालिक ने बताया ‘हम इस नियम का स्वागत करते हैं, लेकिन कई बार पुलिस सुरक्षा के बिना ऐसा नियम लागू करना मुश्किल हो जाता है।’

Exit mobile version