Site icon Samagra Bharat News website

Team India के लिए खुशखबरी, Rohit Sharma ने पास किया फिटनेस टेस्ट- ऑस्ट्रेलिया जाने की उम्मीद

समग्र समाचार सेवा
मुंबई, 11 दिसंबर

टीम इंडिया के स्टार ओपनर रोहित शर्मा ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार नैशनल क्रिकेट अकैडमी (एनसीए) ने आज फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद रोहित शर्मा को खेलने के लिए फिट माना है। बता दें कि यूएई से वापस लौटने के बाद से ही रोहित हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे थे और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलने के लिए उनका फिटनेस टेस्ट पास आवश्यक था। अब उम्मीद जताई जा रही है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) साफ करेगा कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया भेजा जाएगा या नहीं।

मुंबई के ये बल्लेबाज बीती 19 नवंबर को ही एनसीए पहुंचे थे। अपनी फिटनेस पर काफी काम करने के बाद, रोहित अब नैशनल टीम से खेलने के लिए फिट हो गए हैं। इससे पहले, बीसीसीआई ने रोहित के टीम से बाहर रहने के बाद उठ रहे सवालों पर एक बयान जारी किया था। बीसीसीआई ने तब कहा था कि मेडिकल टीम उनकी फिटनेस पर नजर बनाये हुए है। बीसीसीआई ने 9 नवंबर को जारी बयान में कहा था, ‘मेडिकल टीम रोहित शर्मा की फिटनेस की निगरानी कर रही है।

अखिल भारतीय सीनियर सिलेक्शन कमिटी को इसके बाद जानकारी देगी। शर्मा से चर्चा के बाद ही उन्हें पूर्ण फिटनेस हासिल करने के लिए ऑस्ट्रेलिया में वनडे और टी20 सीरीज से आराम देने का फैसला लिया गया है। उन्हें बॉर्डर-गावसकर ट्रोफी के लिए भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।’ अगर बीसीसीआई उन्हें टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया भेजने का फैसला करता है, तो रोहित को एक या दो दिन में रवाना होना होगा।

Exit mobile version