Site icon Samagra Bharat News website

किसान आंदोलन के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली  .12 दिसम्बर।

खेती कानूनों को लेकर पिछले कई दिनों से किसानों द्वारा दिल्ली की सरहदों पर आंदोलन किया जा रहा है। इसी आंदोलन के बीच हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ मुलाकात की गई। बता दें कि दुष्यंत चौटाला हरियाणा में बीजेपी के साथ मिल कर सरकार चला रहे हैं। इससे 2 दिन पहले नए कृषि कानूनों पर दुष्यंत ने बयान दिया था कि अगर किसानों को एमएसपी मिलनी बंद हुई तो सबसे पहले मैं इस्तीफा दूंगा।

आज इसी के चलते ही उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने किसान आंदोलन के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ से मुलाकात की है। हालांकि दोनों के बीच क्या बातचीत हुई इसका खुलासा नहीं हुआ है।

दुष्यंत चौटाला ने हाल ही में किसान मुद्दे पर अपने पार्टी विधायकों के साथ भी बैठक की थी। इस बैठक में पार्टी विधायकों से किसान आंदोलन का उनके क्षेत्र में असर, राज्यों को लोगों के रुख आदि के बारे में फीडबैक लिया गया।

इससे पहले दुष्यंत चौटाला ने उम्मीद जतायी थी कि किसान अब अपना आंदोलन समाप्त कर देंगे, क्योंकि सरकार ने एमएसपी और अन्य मांगों पर लिखित में आश्वासन दिया है। जेजेपी नेता का कहना था कि उन्हें आशा है कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान समझेंगे कि जब केंद्र ने लिखित में आश्वासन दिया है तो ‘यह उनके संघर्ष की जीत है।’ उन्होंने उम्मीद जतायी कि किसान केंद्र के साथ सुलह पर पहुंचेंगे।

Exit mobile version