Site icon Samagra Bharat News website

बुमराह शानदार गेंदबाज, उनका प्रदर्शन निर्णायक होगा:बॉर्डर

समग्र समाचार सेवा
एडिलेड , 16 दिसंबर

ऑस्ट्रेलिया टीम के पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर ने खुद को भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का प्रशंसक बताते हुए कहा है कि उनका प्रदर्शन भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 17 दिसंबर से शुरू हो रही चार टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में निर्णायक होगा। बॉर्डर ने कहा, “मैं बुमराह का जबरदस्त प्रशंसक हूं। अगर वह खुद को फिट रखते हैं। हम उस खिलाड़ी के बारे में चर्चा कर रहे हैं जो आपके लिए मैच जीता सकता है। हमारी पिचों पर थोड़ी उछाल और मूवमेंट मिलने के कारण मैं उनको लेकर थोड़ा चिंतित हूं।”

उन्होंने कहा, “भारत की जीत को लेकर मुझे बुमराह की चिंता है। अगर वह पिछली बार की तरह गेंदबाजी करते हैं और अहम मौकों पर विकेट हासिल करते हैं तो मेरे हिसाब से वह वास्तविक अंतर पैदा कर सकते हैं।” गौरतलब है कि टीम इंडिया के तेज गेंदबाजी आक्रमण की धुरी जस्प्रीत बुमराह ने 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया में चार टेस्ट मैचों में 21 विकेट झटके थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर भारत की पहली टेस्ट सीरीज जीत में निर्णायक भूमिका निभाई थी। बॉर्डर ने कहा, “हम हमेशा यही सोचते हैं कि हमारे बल्लेबाज पर्याप्त रन बनाए, लेकिन टेस्ट मैच जीतने के लिए 20 विकेट की जरूरत होती है। अगर बुमराह फिट रहते हैं तो वह काफी अहम साबित होंगे। बुमराह काफी खतरनाक गेंदबाज है। वह क्रिकेट का पूरा आनंद उठाते हैं। उनके चेहरे पर हमेशा मुस्कान होती है। जब वह लय में हो तो उन्हें खेलना बहुत मुश्किल होता है।”

Exit mobile version