Site icon Samagra Bharat News website

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारत का अंतिम एकादश घोषित

समग्र समाचार सेवा
एडिलेड , 16 दिसंबर

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए बुधवार को अंतिम एकादश की घोषणा की। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गुरुवार से चार टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। टीम कप्तान विराट कोहली के नेतृत्व में सीरीज की शुरुआत करेगी। विराट इस मैच के बाद स्वदेश लौट जाएंगे और उनकी जगह उपकप्तान अजिंक्या रहाणे टीम की कप्तानी संभालेंगे। रोहित शर्मा के पहले टेस्ट मैच में अनुपस्थित रहने पर टीम मैनेजमेंट ने शुभमन गिल की जगह पृथ्वी शॉ को मयंक अग्रवाल के साथ ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर उतारने का फैसला किया है। पृथ्वी चार टेस्ट मुकाबलों में एक शतक और दो अर्धशतक जड़ चुके हैं लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच की चार पारियों में उन्होंने सिर्फ 62 रन बनाए थे।

विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर रिषभ पंत की जगह रिद्दिमान साहा को मौका दिया गया है। पंत ने दूसरे अभ्यास मैच में 73 गेंदों में नाबाद 103 रन बनाए थे, इसके बावजूद उन्हें अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया गया। मध्यक्रम में हनुमा विहारी को जगह दी गयी है जिन्होंने दूसरे अभ्यास मैच में नाबाद 104 रन की पारी खेली थी।

टीम के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को स्पिन विभाग का जिम्मा दिया गया है जबकि जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और उमेश यादव तेज गेंदबाजी आक्रमण संभालेंगे।

पहले टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम इस प्रकार हैः
मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ, विराट कोहली (कप्तान), चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्या रहाणे (उपकप्तान), हनुमा विहारी, रिद्दिमान साहा (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, उमेश यादव, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह।

Exit mobile version