Site icon Samagra Bharat News website

5 करोड़ गन्ना किसानों को मोदी सरकार का तोहफा, चीनी निर्यात पर सीधे खातों में जाएगी सब्सिडी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली , 16 दिसंबर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में कई फैसलों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट ने गन्ना किसानों को तोहफा देते हुए 5 करोड़ किसानों के खाते में सब्सिडी भेजने का फैसला किया। दरअसल सरकार ने 60 लाख टन चीनी निर्यात करने का फैसला लिया है, इससे होने वाली कमाई, इसकी सब्सिडी को सीधे 5 करोड़ किसानों के खाते में डाला जाएगा। सरकार सब्सिडी के तौर पर इसमें 3500 करोड़ रुपये देगी। यह सब्सिडी 6,000 रुपये प्रति टन के हिसाब से दी जाएगी।

कैबिनेट बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक और फैसले के बारे में बताया कि कुल 2251.25 मेगा हर्टज स्पेक्ट्रम की नीलामी का निर्णय लिया गया है जिसकी वैधता 20 वर्ष तक रहेगी। उन्होंने कहा कि स्पेक्ट्रम का रिजर्व मूल्य 3,92,332.70 करोड़ रूपये रखा गया है। प्रसाद ने कहा कि इसके लिए इसी महीने आवेदन से संबंधित प्रक्रिया शुरू की जायेगी और नीलामी आगामी मार्च में शुरू होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि ये स्पेक्ट्रम 700 , 800, 900, 1800, 2100, 2300 और 2500 मेगा हर्टज फ्रीक्वेंसी बैंड में आवंटित किये जायेंगे। इससे पहले स्पेक्ट्रम की नीलामी का फैसला चार साल पूर्व वर्ष 2016 में लिया गया था।

Exit mobile version