Site icon Samagra Bharat News website

चेन्नई सुपरकिंग्स के पूर्व ऑलराउंडर ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से लिया संन्यास

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 21 दिसंबर।

भारत के ऑलराउंडर यो महेश ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा की है. 33 वर्षीय महेश इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली डेयरडेविल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेल चुके हैं. महेश ने आईपीएल के पहले एडिएशन (IPL 2008) में दिल्ली की ओर से खेलते हुए कुल 16 विकेट चटकाए थे।

इसके बाद महेश का अगले तीन आईपीएल सीजन में कुछ खास प्रदर्शन नहीं रहा और वह संघर्ष करते हुए नजर आए. इस दौरान उन्होंने 7 मैचों में महज 5 विकेट ही निकाले. बंगाल के खिलाफ साल 2006 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू करने वाले इस ऑलराउंडर ने 50 फर्स्ट क्लास मैचों में 26 की औसत से कुल 1119 रन बनाए जिसमें 2 शतक और 5 अर्धशतक शामिल है. इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 103 रन रहा।

महेश ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि मैं बीसीसीआई का शुक्रिया अदा करता हूं जिसने मुझे अंडर-19 और इंडिया-ए स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया. यह मेरे लिए सम्मान की बात रही है. मैं पूरे गर्व के साथ इसे अपने करियर का सबसे अच्छा समय कहता हूं. दो आईपीएल टीमों- चेन्नई और दिल्ली का भी मेरे पर विश्वास दिखाने और मुझे महान खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका देने के लिए शुक्रिया. आखिरी के पांच साल मैं चोटों से परेशान रहा लेकिन मैं इंडिया सीमेंट्स का साथ देने के लिए भी शुक्रिया कहना चाहता हूं. मैं अपने राज्य तमिलनाडु क्रिकेट संघ का धन्यवाद कहना चाहता हूं जिसने मुझे 14 साल की उम्र से निखारा।

Exit mobile version