Site icon Samagra Bharat News website

अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, पंजाब के बॉर्डर क्षेत्र में फिर घुसा पाकिस्‍तानी ड्रोन

समग्र समाचार सेवा
गुरदासपुर, 21दिसंबर।
पंजाब के गुरदासपुर में भारत-पाकिस्‍तान बॉर्डर क्षेत्र में बीती देर रात फिर पाकिस्‍तानी ड्रोन घुस आया। इसके बाद बीएसएफ ने उस पर फायरिंग की और ड्रोन से ग्रेनेड से भरा एक पैकेट गिर गया। इस पैकेट में 11 ग्रेनेड मिला है। माना जा रहा है कि ड्रोन क्षेत्र में ही कहीं गिर गया है और उसकी तलाश की जा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ये ग्रेनेड सीमावर्तीय दोरांगला एरिया के गांव सलाच के पास मिले हैं। पुलिस को सर्च ऑपरेशन दौरान खेतों में से ये ग्रेनेड मिले हैंं। एक दिन पहले भी इस क्षेत्र में पाकिस्‍तानी ड्रोन दिखा था और सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने फायरिंग कर भगा दिया था। पंजाब पुलिस और सीमा सुरक्षा बल के जवानों द्वारा पूरे इलाके में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

भारत-पाक सीमा बीओपी चकरी थाना दोरांगला के क्षेत्र में पाकिस्तान की तरफ से भेजे गए ड्रोन पर बीएसएफ द्वारा फायरिंग की गई। इस दौरान गांव सलाच के खेतों में ड्रोन से फेंके गए एक पैकेट सहित लकड़ी बरामद की गई। पैकेट खोलने पर 11 हैंड ग्रेनेड बरामद हुए। इन्‍हें थाना दोरांगला की पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने बताया कि गत रात्रि साढ़े 11 बजे बीओपी चकरी बीएसएफ पोस्ट के पास आसमान में पाकिस्तान की तरफ से भेजे ड्रोन को उड़ता देखा गया। इसके बाद तुरंत हरकत में आते हुए बीएसएफ जवानों द्वारा अलर्ट जारी करने के साथ ही पुलिस थाना दोरांगला की टीम चकरी पोस्ट एरिया में सक्रिय हो गई।

उन्‍होंने बताया कि इस दौरान बीएसएफ के जवानों ने ड्रोन को गिराने के लिए उस पर फायरिंग की। इसके बाद ड्रोन से एक पैकेट और लकड़ी गांव सलाच के खेतों में गिरी। माना जा रहा है कि ड्रोन भी क्षेत्र के किसी हिस्से में गिरने गया और उसकी तलाश की जा रही है। बीएसएफ जवानों के साथ मिलकर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र के गांव मियानी, सलाच, चकरी पोस्ट के आसपास पूरी रात व सुबह से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। टीमों को ड्रोन अब तक नहीं मिला है। वहीं, ड्रोन से गिरे पैकेट को चेक करने पर 11 हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं।

Exit mobile version