Site icon Samagra Bharat News website

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और लेफ्ट एक साथ मिलकर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव- अधीर रंजन चौधरी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 24दिसंबर।
पश्चिम बंगाल में भाजपा और तृणमुल कांग्रेस के बीच राजनीति तेज होती नजर आ रही है। इसी बीच कांग्रेस और लेफ्ट एक साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने आज इसकी जानकारी देते हुए ट्वीट कर कहा कि आज कांग्रेस आलाकमान ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में लेफ्ट पार्टियों के साथ चुनावी गठबंधन को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है।

बंगाल में 2021 विधानसभा चुनाव को लेकर बीत दिनों पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा था कि बंगाल में ममता बनर्जी और बीजेपी दोनों को रोकने के लिए लेफ्ट और कांग्रेस में गठबंधन होना ही चाहिए। ऐसे में गुरुवार को कांग्रेस आलाकमान ने लेफ्ट पार्टियों के साथ चुनावी गठबंधन को औपचारिक मंजूरी दे दी।

बता दें कि अधीर रंजन चौधरी ही पार्टी के अध्यक्ष थे, जब साल 2016 में लेफ्ट और कांग्रेस ने एक साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि 2019 के लोकसभा चुनाव में काफी कोशिशों के बावजूद दोनों दलों के बीच गठबंधन नहीं हो सका था। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा ने भी यहां चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार बंगाल पर रणनीति बना रहे हैं। 20 दिसंबर को बंगाल दौरे में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर जिस तरह टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने हमला किया था, उसकी भाजपा निंदा करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने तय किया है कि हम हिंसा का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगे और आने वाले चुनाव में इस सरकार को हराकर दिखाएंगे। अमित शाह ने कहा कि भाजपा यहां से जीतती है तो बंगाल की मिट्टी से ही अगला मुख्यमंत्री होगा।

Exit mobile version