Site icon Samagra Bharat News website

पृथ्वी शॉ का बल्ला और पैर गेंद पर देरी से पहुंच रहे हैं : सचिन तेंदुलकर

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 24दिसंबर
महानतम बल्लेबाजों में शुमार भारत के सचिन तेंदुलकर ने कहा है कि युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ का पैर और बल्ला गेंद पर देर से पहुंच रहे हैं जिसके कारण उनके पैर और बल्ले के बीच गैप रह जाता है और यह तब होता है जब बल्लेबाज के मन में काफी चीजें चल रही हों या फिर वो छोटी (शॉर्ट) गेंदों की उम्मीद लगा रहा हो। सचिन ने यह बात आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में कही।

शॉ ने एडिलेड ओवल मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट मैच में काफी निराश किया था। वह पहली पारी में खाता भी नहीं खोल पाए थे और दूसरी पारी में सिर्फ आठ रन बनाकर ही आउट हो गए थे। पहले टेस्ट में भारत को आठ विकेट से हार मिली थी। इस मैच की दूसरी पारी में भारत सिर्फ 36 रनों पर ही ऑल आउट हो गई थी जो टेस्ट की एक पारी में उसका न्यूनतम स्कोर है।

सचिन का मानना है कि इस तरह के प्रदर्शन से बाहर निकलना आसान नहीं है क्योंकि इस तरह के प्रदर्शन खिलाड़ी के साथ हमेशा से रहते हैं। उनका कहना है कि अगर खिलाड़ी दृढ़ता, अनुशासन और प्लानिंग को अपनाएं तो इससे टीम को अच्छा करने में मदद मिलेगी।

शनिवार से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच में अजिंक्य रहाणे टीम की कप्तानी करेंगे क्योंकि टीम के नियमित कप्तान विराट कोहली अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए भारत लौट आए हैं। सचिन ने रहाणे की कप्तानी को लेकर कहा कि वह कसौटी पर खरा उतरेंगे और उनका शांत स्वाभाव कमजोरी के तौर पर नहीं देखा जा सकता।

Exit mobile version