Site icon Samagra Bharat News website

बांदा के मरका में भीषण अग्निकांड, जिंदा जल गए मां और तीन बच्चे

समग्र समाचार सेवा
बांदा, 27दिसंबर।

उत्तर प्रदेश में बांदा के मरका इलाके में हुए एक भीषण अग्निकांड में मां और उसके तीन बच्चों की जिंदा जलने से मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी पर शनिवार को कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद सभी मृतकों के शव आज बड़ी मुश्किल से निकालने में कामयाबी मिली।

जानकारी के मुताबिक मरका इलाके के पुरवा मजरा निवासी कल्लू राजस्थान के जयपुर में मजदूरी करता है। उसकी पत्नी संगीता, अपने बच्चों 9 वर्षीया पुत्री अंजलि, 6 वर्षीय बेटे आशीष व तीन वर्षीय बेटी छोटी को लेकर गांव की एक कच्चे मकान में रहती थी। मकान में भूसा भरा हुआ था और संगीता अपने तीनों बच्चों के साथ एक कोठरी में सो रही थी। रात्रि में ठंड से बचाव के लिये रखे अलाव की चिंगारी से आग लग गई, जिससे कोठरी में सो रहे चारों लोग निकल कर नहीं भाग पाए। आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे परिवार को व मकान को जलाकर नष्ट कर दिया। उन्होंने बताया कि शनिवार को मिली सूचना के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने आग बुझाकर और मलबा हटाकर किसी तरह से चारों मृतकों के शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Exit mobile version