Site icon Samagra Bharat News website

विराट कोहली को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने दशक का सर्वश्रेष्ठ वनडे क्रिकेटर चुना

समग्र समाचार सेवा
दुबई,28दिसंबर।
भारतीय कप्तान विराट कोहली को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के दशक के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और वनडे क्रिकेटर के पुरस्कार के लिए चुना गया है जबकि पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को आईसीसी ने खेल भावना पुरस्कार से नवाजे जाने की घोषणा की है। आईसीसी ने सोमवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। आईसीसी ने टि्वटर पर लिखा, “अविश्वसनीय विराट कोहली ने आईसीसी के दशक के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी होने का सर गारफील्ड सोबर्स अवार्ड जीत लिया है।” विराट ने इस दशक में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों को मिलाकर सर्वाधिक 20,396 रन बनाए। विराट ने दशक में सबसे अधिक शतक और अर्धशतक लगाने का कीर्तिमान भी अपने नाम किया। विराट ने इस दौरान 66 शतक और 94 अर्धशतक लगाए। 70 से अधिक पारी खेलने वाले क्रिकेटरों में उनका औसत भी सर्वाधिक 56.97 रहा। इसके अलावा विराट 2011 का वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे। आईसीसी ने विराट को दशक का सर्वश्रेष्ठ वनडे क्रिकेटर भी चुना है। इस दशक में विराट एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने इस दौरान वनडे क्रिकेट में 10 हजार से अधिक रन बनाए हैं।

दशक के ICC पुरस्कारों में पिछले 10 साल के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों को चुना गया है, जिसमें पहली बार प्रशंसकों को भी वोट करने का अधिकार मिला था। दुनिया भर के 15 लाख से अधिक प्रशंसकों ने 53 लाख मत डाले। दशक के सर्वश्रेष्ठ वनडे क्रिकेटर की दौड़ में कोहली के अलावा लसिथ मलिंगा (श्रीलंका), मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया), एबी डीविलियर्स (दक्षिण अफ्रीका), रोहित शर्मा (भारत), महेंद्र सिंह धोनी (भारत) और कुमार संगाकारा (श्रीलंका) शामिल थे।

आईसीसी ने रविवार को दशक की बेस्ट वनडे, टी20 और टेस्ट टीम को चुना था। भारत के पूर्व खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी को आईसीसी ने वनडे और टी20 दोनों ही टीम का कप्तान बनाया था। इसके अलावा विराट कोहली आईसीसी की तीनों ही टीमों में जगह बनाने में कामयाब रहे थे। आईसीसी ने महिला क्रिकेट की भी दशक की वनडे और टी20 टीम का ऐलान किया था, जिसमें मिताली राज और हरमनप्रीत कौर ने जगह बनाई।

Exit mobile version