Site icon Samagra Bharat News website

सेना में शामिल होने के लिए भाग लेंगी यूपी व उत्तराखंड की 5898 बेटियां

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 4जनवरी।

सेना में शामिल होकर मातृभूमि की रक्षा का सपना संजोए यूपी और उत्तराखंड की बेटियां 18 जनवरी से अपनी दावेदारी पेश करेंगी। छावनी के एएमसी स्टेडियम में 18 से 30 जनवरी तक महिला मिलिट्री पुलिस में सैनिक जीडी की भर्ती के लिए रैली का आयोजन किया जाएगा। सेना की इस भर्ती रैली में यूपी व उत्तराखंड की 5898 बेटियां हिस्सा लेंगी।

यह दूसरे बैच की भर्ती रैली होगी। पहली बार सितंबर 2019 में बेटियों के लिए मिलिट्री पुलिस में सैनिक जीडी की भर्ती रैली आयोजित की गई थी। देश भर से कुल 100 बेटियों का चयन किया गया था। ट्रेनिंग के बाद इन बेटियों को कई जगह तैनात किया गया है।

अब पिछले साल की भर्ती रैली सितंबर में आयोजित होना था। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण भी सेना की वेबसाइट www.Joinindianarmy.nic.in पर जुलाई 2020 में बेटियों ने किया था। हालांकि, कोरोना के कारण पिछले साल की भर्ती रैली को इस बार 18 से 30 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा।

सेना भर्ती मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने मेरिट के आधार पर भर्ती रैली के लिए चयनित बेटियों को दलालों, धोखेबाज व्यक्तियों से सावधान रहने और दवाओं के सेवन से बचने की सलाह दी है। यदि उम्मीदवार इस तरह के व्यवहार में शामिल पाए गए तो उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी।

Exit mobile version