Site icon Samagra Bharat News website

भाजपा सरकार ने रोजगार दिया है, बंदरबांट नहीं की- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत

समग्र समाचार सेवा
देहरादून,5 जनवरी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत प्रदेश में सात लाख लोगों को रोजगार देने वाले दावे को सही साबित करने के लिए आंकड़े जारी किए है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने रोजगार दिया है, बंदरबांट नहीं की, जिसके कारण पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर कई आरोप लगे थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवा बेरोजगारों को रोजगार देने का काम किया है। कांग्रेस शासनकाल में बेरोजगारों के साथ केवल छलावा हुआ था। कांग्रेस ने केवल अपने चहेतों को सरकारी नौकरी दी। विधानसभा में 158 नियुक्तियों समेत कई ऐसे मामले सामने आए, जिसमें चहेतों को रोजगार दिया गया। उन्होंने इस दौरान प्रदेश में बेरोजगारों को दिए गए रोजगार के आंकड़े भी जारी किए।

उनके द्वारा इन आंकड़ों के मुताबिक उद्योग विभाग में 160675, ग्रामीण विकास विभाग में 153360, लोक निर्माण में 58163, परिवहन विभाग में 58078, पेयजल विभाग में 41360, पर्यटन विभाग में 41360 व्यक्तियों को रोजगार प्रदान किया गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में सरकारी सेवाओं के लिए सृजित पदों का विवरण भी दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना काल के दौरान मनरेगा में पिछले साल की तुलना में दो लाख अतिरिक्त श्रमिकों को रोजगार दिया गया। इसके साथ ही कैंपा के माध्यम से 40 हजार लोगों को रोजगार देने की कार्ययोजना तय की गई है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2014 से 2017 तक केवल आठ परीक्षाएं आयोजित हुईं, जिनमें 801 पदों पर चयन हुआ।

Exit mobile version