Site icon Samagra Bharat News website

बिहार: कांग्रेस के पूर्व विधायक भरत सिंह का दावा, पार्टी के 11 विधायक एनडीए में होंगे शामिल

समग्र समाचार सेवा
पटना, 6जनवरी।

बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेसी सदमें में है। जी हां कांग्रेस के लालगंज के पूर्व विधायक भरत सिंह ने दावा किया है कि पार्टी के 11 विधायक कभी भी राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल हो सकते हैं। उनका दावा है कि पार्टी छोड़ने वाले नेताओं में प्रदेश अध्‍यक्ष मदन मोहन झा व कांग्रेस विधायक दल के नेता अजित शर्मा के भी नाम जुड़ सकते हैं। भरत सिंह ने कांग्रेस को राष्‍ट्रीय जनता दल से अलग होने की भी सलाह दी है। कांग्रेस नेता के इस बयान पर बिहार में सियासत गर्म हो गई है।

ज्ञात हो कि पूर्व विधायक भरत सिंह कांग्रेस में प्रदेश अध्‍यक्ष मदन मोहन झा के पुराने विरोधी रहे हैं। बीते दिनों कांग्रेस मुख्‍यालय सदाकत आश्रम में उन्‍होंने मदन मोहन झा सहित कई बड़े नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए धरना भी दिया था। अब उनका ताजा बयान भी मदन मोहन झा सहित कई बड़े नेताओं को कटघरे में खड़ा कर रहा है।

कांग्रेस ने बयान को बताया निराधार

भरत सिंह के बयान पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्‍ता ने पलटवार करते हुए कहा कि बिकाऊ या दलबदलु किस्‍म के लोग 2015 में ही चले गए थे। अब कांग्रेस में बिकाऊ, दलबदलु, सत्‍ता लोभी या लालची लोग नहीं बचे। इसपर भरत सिंह ने फिर जवाब दिया कि जब पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष ही गलत हैं तो प्रवक्‍ता कैसा होगा, समझा जा सकता है। वे पार्टी में नए-नए आए हैं। अपनी बात पार्टी फोरम पर उठाने के बदले मीडिया में ले जाने पर उन्‍होंने कहा कि आलाकमान तक सबों की बात नहीं पहुंचती, इसलिए मीडिया का सहारा लेना पड़ा।

Exit mobile version