Site icon Samagra Bharat News website

राउरकेला स्‍टील प्‍लांट में गैस लीक होने से चार श्रमिकों की मौत

समग्र समाचार सेवा
राउरकेला,6जनवरी।

राउरकेला इस्पात सयंत्र के कोल केमिकल विभाग में बुधवार की सुबह जहरीली गैस लीक होने के कारण चार ठेका श्रमिकों की मौत हो गई और छह बीमार हो गए जिनका इलाज चल रहा है। संयंत्र में मेंटेनेंस के दौरान आवश्यक सावधानी नहीं बरतने के कारण यह हादसा होने से श्रमिक संगठनों की ओर से क्षोभ प्रकट किया गया है।
जानकारी के मुताबिक राउरकेला इस्पात संयंत्र में कोल केमिकल विभाग में ठेका संस्था स्टार कंस्ट्रक्शन के जरिए बुधवार की सुबह मेंटेनेंस का काम चल रहा था। तभी गैस रिसने के कारण दस श्रमिक इसकी चपेट में आ गए। इसकी सूचना मिलते ही अग्निशमन कर्मियों की सहायता से उन्हें इलाज के लिए आइजीएच भेजा गया, जहां चार की मौत हो गई, जबकि छह का इलाज चल रहा है। मृत ठेका श्रमिकों में फर्टिलाइजर कंस्ट्रक्शन कालोनी के 58 वर्षीय रवि साहू, 55 वर्षीय गणेश बाइलो, लाठीकटा के अभिमन्यु साहू एवं ब्राह्मानंद पंडा शामिल हैं।

इस घटना पर श्रमिक संगठनों की ओर से क्षोभ प्रकट किया गया है। मृतकों के आश्रितों को नियमानुसार मुआवजा, स्थायी नौकरी, जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। ठेका श्रमिक नेता विमान माइती ने बताया कि मेंटनेंस के दौरान आवश्यक सावधानी नहीं बरते जाने से यह हादसा हुआ है। काम शुरू करने से पहले इलाके में नाइट्रोजन गैस लेकर लीक होने संबंधित जांच करनी चाहिए थी। इसके साथ ही काम शुरू करने से पहले यहां एबुलेंस एवं अन्य सुरक्षा साधन मौजूद रखना चाहिए था पर यहां ऐसा कुछ भी नहीं किया गया। एंबुलेंस मौजूद नहीं होने के कारण घटना के एक घंटे तक श्रमिक वहां पड़े रहे। बिलंब के श्रमिकों की मौत हुई है।

Exit mobile version