Site icon Samagra Bharat News website

पीएम मोदी ने जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल से की बात, भारत-जर्मनी के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए दिया धन्यवाद

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 7जनवरी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से वार्ता की और उन्हें भारत में कोविड-19 के टीके से संबंधित गतिविधियों से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने मर्केल को आश्वस्त किया कि भारत अपनी क्षमताओं से विश्व को लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि मोदी ने यूरोपीय और वैश्विक मंच पर स्थिर और मजबूत नेतृत्व प्रदान करने के लिए चांसलर मर्केल की लंबे समय से चली आ रही भूमिका को सराहा. साथ ही उन्होंने भारत तथा जर्मनी के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में दिशा प्रदान करने के लिए उनका धन्यवाद भी किया।

दोनों नेताओं ने पारस्परिक महत्व के प्रमुख मुद्दों सहित कोविड-19 महामारी से निपटने, द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय और वैश्विक विषयों तथा विशेष रूप से भारत-यूरोपीय संघ संबंधों पर चर्चा की. बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री ने चांसलर मर्केल को कोरोना के टीके के विकास से संबंधित गतिविधियों से अवगत कराया और उन्हें आश्वस्त किया कि भारत अपनी क्षमताओं से विश्व को लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Exit mobile version