Site icon Samagra Bharat News website

बीच सड़क पर कर दी अपने भाई की हत्या, तमाशबीन बन देखते रहे लोग

समग्र समाचार सेवा
जयपूर, 9जनवरी।
राजस्थान के सीकर जिले में एक युवक ने अपने चचेरे भाई की ब्लेड से गला रेत कर हत्या कर दी। यही नहीं युवक ने हत्या का लाइव वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया। इस वीडियो का सबसे दर्दनाक मंजर यह था कि 10 साल का उत्तम दस मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा और भीड़ उसे अस्पताल ले जाने की बजाय वीडियो बनाती रही।

जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय कैलाशचंद नाम के युवक ने भीड़ के सामने ही अपने 10 साल के चचेरे भाई उत्तम आलोरिया की हत्या कर दी। घटना के बाद भाग रहे आरोपी को मौजूद भीड़ ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ने लोगों के सामने हत्या की बात कबूलते हुए कहा कि बचपन से चाचा मेरा मज़ाक उड़ाते थे इसलिए मैंने उसके बेटे का गला रेत दिया।

कैलाशचंद ने उत्तम की हत्या करने का प्लान दिन में ही बना लिया था और एक दुकान से दो ब्लेड खरीद लिए थे। इसके बाद कैलाश ने अपने चचेरे भाई उत्तम और उसके छोटे भाई को पोषाहार दिलाने के बहाने अपने साथ ले आया। दोपहर करीब डेढ़ बजे कैलाश ने उत्तम को घर के पास पकड़ लिया, ये देखकर उसका छोटा भाई भाग गया। आस-पास की दुकान पर बैठे लोगों ने इसे मात्र लड़ाई समझा और बीच-बचाव करने नहीं आए और वीडियो बनाने लगे। लेकिन इसके बाद कैलाश ने ब्लेड निकाला और उसका गला काट दिया, जिसके बाद उत्तम नीचे गिर गया।

इसके बाद लोग भागते हुए वहां आए लेकिन किसी ने भी बच्चे को अस्पताल भेजने की कोशिश नहीं की। हालांकि आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले जरूर कर दिया था। एसपी कुअंर राष्ट्रदीप ने बताया कि अपने चाचा से बदला लेने के लिए आरोपी ने चचेरे भाई की हत्या की।

Exit mobile version