Site icon Samagra Bharat News website

वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने दिया इस्तीफा, उमेश कुशवाहा बने जदयू के नए प्रदेश अध्यक्ष

समग्र समाचार सेवा
पटना,11जनवरी।
बिहार में पूर्व विधायक उमेश कुशवाहा को सत्तारूढ़ जदयू का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। जदयू राज्‍य कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक के दूसरे और अंतिम दिन रविवार को वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने स्वास्थ्य कारणों से पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद जदयू के नए प्रदेश अध्‍यक्ष के लिए बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्री उमेश कुशवाहा के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया है।

जेडीयू के बिहार प्रदेश अध्‍यक्ष बनने के बाद उमेश कुशवाहा ने कहा कि मुझे प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जो जवाबदेही मिली है, मैं उसका सफलतापूर्वक निर्वहन करने का प्रयास करूंगा। हमारी पार्टी का जो मूल मंत्र है ‘न्याय के साथ सभी का विकास’ उसका हम ध्यान रखेंगे। बहरहाल, सीएम नीतीश कुमार ने जिस तरह से उमेश कुशवाहा पर अपना भरोसा जताया है वह बड़ा सियासी संकेत है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि बिहार चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद वह अपने लव कुश समीकरण पर ही आगे बढ़ना चाहते हैं।

बता दें कि उमेश कुशवाहा 2015 में वैशाली के मनहार से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अच्युतानंद को पराजित कर विधायक निर्वाचित हुए थे। लेकिन 2020 के विधानसभा चुनाव में वह राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) की वीणा देवी से पराजित हो गए।

Exit mobile version