Site icon Samagra Bharat News website

सुशील मोदी ने राजद पर साधा निशाना, बोले- पार्टी में परिवार से बाहर के व्यक्ति का ना सम्मान, ना भविष्य

समग्र समाचार सेवा
पटना, 14 फऱवरी।
पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सांसद सुशील मोदी ने रविवार को ट्वीट कर आरोप लगाया है कि लालू यादव-राबड़ी देवी की पार्टी में परिवार के बाहर के किसी नेता का ना कोई सम्मान है, ना कोई भविष्य। आरोप लगाया कि उनके लिए राजनीति गरीबों पिछड़ों की सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि केवल सम्पत्ति बनाने का जरिया है।

सुशील मोदी ने कहा कि समाजवाद के खोल में परिवारवाद और धर्मनिरपेक्षता की रेशमी चादर में लपेट कर वोटबैंक को सहेजने वाले राजद ने पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय रघुवंश प्रसाद सिंह को एक लोटा पानी कहा था। सुशील मोदी ने कहा कि आज वे उसी समाज के दूसरे बुजुर्ग नेता का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी दल के प्रदेश अध्यक्ष का उनके दल के भीतर अपमान होना हालांकि उस संगठन का आंतरिक मामला है, लेकिन इससे पार्टी की सोच को लेकर जो संदेश जाता है, वह सार्वजनिक ही होता है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद कुमार सिंह ने राजद पर निशाना साधते हुए कहा है कि राजद में रहने का मतलब है अपनी प्रतिष्ठा गंवाना। अरविंद सिंह ने कहा कि जगदा बाबू दल में अनुशासन की बात करते थे। उनके दल में अनुशासन लाना, मेंढ़क को तराजू पर तौलने और भैंस के आगे बीन बजाने जैसा है। कहा कि पार्टी की हार और नेता के बीमार होने का ठीकरा उनके सिर फोड़ा जा रहा है। अरविंद सिंह ने कहा कि अब जगदा बाबू को तय करना है कि वे दल में ही दंगल करेंगे या दरवाजे से चुपचाप बाहर निकल जाएंगे।

Exit mobile version