Site icon Samagra Bharat News website

लद्दाख के पैंगोंग किनारे से पीछे हटा चीन, सैटेलाइट से दिखी तस्वीरें

China withdraws from Ladakh's Pangong shore, pictures seen from satellite

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 18फरवरी।

पूर्वी लद्दाख में  पैंगोंग झील के किनारे के आस-पास वाले क्षेत्र पर चीनी सैनिकों ने कई महीनों से तंबू गाड़कर कब्जा कर रखा था, लेकिन भारत की मजबूत कूटनीतिक रणनीति के आगे चीन को झुकना पड़ा और अवैध कब्जे वाले क्षेत्र से पीछे हटना पड़ा।

जी हां इसके सबूत है सैटेलाइट तस्वीरें जिसमें साफ दिख रहा है कि चीनी सैनिकों ने तंबु हटाकर पीछे हटना शुरू कर दिया है।

ताजा सैटेलाइट तस्वीरों में देखा जा सकता है कि चीनी सेना ने अपने दर्जनों ढांचों को तोड़ दिया है और वे इलाके खाली कर दिए हैं, जिनके लिए भारत और चीन के बीच वार्ता लगातार जारी थी।
पहले के सैटेलाइट इमेज से तुलना करने पर पता चलता है कि चीन ने किस तरह यहां अवैध कब्जा कर लिया था, लेकिन भारत के हस्तक्षेप के कारण अब उसे पीछे हटना पड़ा। मैक्सर टेक्नॉलजीज ने मंगलवार को उत्तरी किनारे की कुछ सैटेलाइट तस्वीरें जारी की हैं, जहां कई चीनी कैंप्स थे और जनवरी में आईं तस्वीरों में इन्हें देखा जा सकता है, लेकिन अब यह इलाके तेजी से खाली हो रहे हैं।

बता दें कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीनी सेना के पीछे हटने की घोषणा की थी उन्होंने बताया था कि पैंगोंग झील क्षेत्र में चीन के साथ सेनाओं के पीछे हटने का जो समझौता हुआ है, उसके अनुसार दोनों पक्ष अग्रिम तैनाती चरणबद्ध तरीके से हटाएंगे। सीमा पर नौ महीने तक गतिरोध जारी रहने के बाद यह सफलता मिली है।

रक्षा मंत्री ने कहा था कि चीन अपनी सेना की टुकड़ियों को उत्तरी किनारे में फिंगर आठ के पूर्व की तरफ रखेगा। इसी तरह भारत भी अपनी सेना की टुकड़ियों को फिंगर तीन के पास अपने स्थाई ठिकाने धन सिंह थापा पोस्ट पर रखेगा।

Exit mobile version