Site icon Samagra Bharat News website

पुडुचेरी में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- झूठ बोलने में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल विजेता

Prime Minister Narendra Modi inaugurated and laid the foundation stone of various projects in Puducherry. During this time Lt. Governor

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 25फरवरी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुडुचेरी में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान पुडुचेरी की उपराज्यपाल तमिलसाई सुंदरराजन भी मौजूद रहीं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान पुडुचेरी विकास के लिए हर संभव समर्थन का आश्वासन दिया। पीएम मोदी ने यहां कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे औपनिवेशिक शासकों की बांटो और राज करो की ​नीति थी, कांग्रेस की बांटो, झूठ बोलो और राज करो की नीति है। उन्होंने कहा कि वो झूठ बोलने में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल विजेता हैं। कांग्रेस नेता यहां आकर कहते हैं कि हम मछुआरों के लिए मत्स्यपालन मंत्रालय बनाएंगे, मैं हैरान था। सच ये है कि मौजूदा एनडीए सरकार ने 2019 में मछुआरों के लिए मंत्रालय बनाया था।

प्रधानमंती मोदी ने कहा कि 2016 में पुडुचेरी के लोगों ने बहुत उम्मीद के साथ कांग्रेस के लिए वोट किया। उन्हें लगा कि सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करेगी। पांच साल बाद लोग निराश हैं। उनके सपने और उम्मीदें टूट चुकी हैं। कांग्रेस दूसरों को लोकतंत्र विरोधी कहने का कोई मौका नहीं छोड़ती, उन्हें खुद को शीशे में देखने की जरूरत है। उन्होंने हर संभव तरह से लोकतंत्र का अपमान किया। पुडुचेरी में उन्होंने पंचायत के चुनाव कराने से मना कर दिया। कांग्रेस सरकार ने पुडुचेरी में हर सेक्टर को नुकसान पहुंचाया। कांग्रेस लोगों के लिए काम करने में विश्वास नहीं करती है, मुझे समझ नहीं आता कि कांग्रेस क्यों नहीं चाहती कि कोई दूसरा लोगों के लिए काम करे।
प्रधानमंत्री मोंदी ने आगे कहा कि 2016 में, पुडुचेरी को एक ऐसी सरकार मिली जो दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान की सेवा में व्यस्त थी। उनकी प्राथमिकताएं अलग थीं। पूरे भारत में लोग कांग्रेस को खारिज कर रहे हैं। संसद में उनकी सीटें इतिहास में अब तक सबसे कम हैं। सामंती राजनीति, वंशवाद की राजनीति, संरक्षण की राजनीति की कांग्रेस संस्कृति समाप्त हो रही है।

बता दें कि केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में वर्तमान समय में कांग्रेस की सरकार गिर गई है। केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को वहां राष्ट्रपति शासन लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के इस्तीफे के बाद किसी भी पार्टी ने सरकार बनाने का दावा नहीं किया। इसके बाद उपराज्यपाल ने राष्ट्रपति शासन की सिफारिश की, जिसे केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। यहां इस साल चुनाव भी होने हैं।

पीएम मोदी विभिन्न विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां कराईकल में जवाहरलाल इंस्टिट्यूट ऑफ पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (JIPMER) में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने न्यू कैंपस- I की आधारशिला भी रखी। यह परियोजना लगभग 491 करोड़ रुपये की है। उन्होंने यहां ब्लड सेंटर का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री चार लेन के एनएच 45 का भी शिलान्यास किया। 56 किलोमीटर का यह हाईवे सत्तानाथ पुरम से नागपट्टिनम तक होगा। इस परियोजना की लागत लगभग 2,426 करोड़ रुपये है। प्रधानमंत्री सागरमाला योजना के तहत पुडुचेरी में माइनर पोर्ट के विकास की आधारशिला भी रखी।
तमिलनाडु में लगभग 4 बजे, प्रधानमंत्री मोदी देश को नेवेली न्यू थर्मल पावर प्रोजेक्ट समर्पित करेंगे। यह एक लिग्नाइट आधारित पावर प्लांट है जिसे 1000 मेगावाट की बिजली उत्पादन क्षमता के लिए डिज़ाइन किया गया है और इसमें 500 मेगावाट की क्षमता वाली दो इकाइयां हैं। ये परियोजना लगभग 8000 करोड़ रुपये की लागत का है। इससे तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पुडुचेरी को लाभ मिलेगा।

 

Exit mobile version