समग्र समाचार सेवा
देहरादून, 28फरवरी।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत शनिवार को अपने तय कार्यक्रम के अनुसार कार द्वारा नैनीताल से रानीखेत पहुंचे। इस दौरान खेरना एवं उपराड़ी में लोगों ने मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र का भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने उपराड़ी में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का 18 मार्च को 4 साल का कार्यकाल पूर्ण हो जायेगा। इस दौरान राज्य सरकार ने जन अपेक्षाओं को पूर्ण करने के लिए अनेक प्रयास किये। सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अनेक कार्य किये गये हैं। राज्य बनने के बाद 17 साल में सड़कों का जितना निर्माण हुआ, लगभग उतनी सड़कें पिछले 3 साल एवं 10 माह में बनाई गई। राज्य में इस अवधि में 11 हजार कि.मी. से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया है। महिलाओं के सिर से घास के बोझ को हटाने के लिए राज्य में मुख्यमंत्री घसियारी योजना शुरू की जा रही है। लोगों के घरों तक घास की गठरी पहुंचाने के लिए योजना बनाई जा रही है। पौने आठ हजार सेंटरों के माध्यम से कम दाम पर घास की गठरी पहुंचाने की व्यवस्था की जायेगी।

इस अवसर पर सांसद श्री अजय टम्टा, कुमांयू कमिश्नर श्री अरविन्द सिंह ह्यांकी, जिलाधिकारी अल्मोड़ा श्री नितिन भदौरिया, अपर सचिव मुख्यमंत्री डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।