Site icon Samagra Bharat News website

महाराष्ट्र के अलावा पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी कोरोना ने मचाई तबाही, एनसीआर पर भी मडंरा रहा खतरा

Corona has once again wreaked havoc in Maharashtra, due to which there has been lockdown in many districts here. At the same time, three other states are also facing the danger of becoming the hotspot of corona virus. These are the three states - Punjab, Haryana and Madhya Pradesh, where the rate of corona cases coming up every day is increasing.

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 19 मार्च।

महाराष्ट्र में एक बार फिर कोरोना ने तबाही मचा रखी है जिसके कारण यहां के कई जिलों में लॉकडाउन तक की नौबत आ चुकी है। वहीं अब तीन अन्य राज्यों के ऊपर भी कोरोना वायरस का हॉटस्पॉट बनने का खतरा मंडरा रहा है। ये तीन राज्य हैं- पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश, जहां रोजाना आने वाले कोरोना के मामलों की दर बढ़ती जा रही है।

इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर पर भी कोरोना के बढ़ते मामलों नें खतरे की घंटी बजा दी है। भारत में 7 दिनों का संक्रमण दर भी बीते 30 दिनों में 1.4 प्रतिशत बढ़ गया है। हालांकि, महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश और हरियाणा ही देश के ऐसे राज्य हैं जहां संक्रमण दर राष्ट्रीय औसत 1.4 प्रतिशत से ज्यादा है।

राज्य और जिला स्तर दोनों ही आधार पर आंकड़े यह बताते हैं कि देश के पश्चिम क्षेत्रों में पूर्वी क्षेत्रों की तुलना में कोरोना के मामले ज्यादा तेजी से बढ़ रहे हैं।

पंजाब में आंकड़े सबसे ज्यादा चिंताजनक है। यहां बीते 30 दिनों के अंदर रोजाना सामने आने वाले मामलों में 531 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, वहीं एक हफ्ते का संक्रमण दर भी 4.7 फीसदी बढ़ गया है। महाराष्ट्र के बाद पंजाब में ही कोरोना के मामले सबसे तेजी से बढ़े हैं।

हरियाणा देश का तीसरा राज्य है जहां कोरोना के मामले सबसे तेजी से बढ़ रहे हैं। यहां बीते 30 दिनों में कोरोना के केस 398 फीसदी बढ़े हैं। यही नहीं राज्य में औसत संक्रमण दर भी 2.2 फीसदी ऊपर हो गया है। गुरुग्राम में अकेले गुरुवार को कोरोना के 104 नए मामले रिपोर्ट हुए। 84 दिन बाद ऐसा हुआ जब गुरुग्राम में 100 से ज्यादा मामले मिले हैं।

मध्य प्रदेश में भी रोज आने वाले कोरोना के केसों में 277 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। वहीं, राज्य में संक्रमण दर 3.3 प्रतिशत बढ़ गया है। मध्य प्रदेश में एक और चिंता की बात यहां की टेस्टिंग दर है। बीते हफ्ते राज्य में प्रति 10 लाख सिर्फ 191 टेस्ट किए गए।

दिल्ली में गुरुवार को कोरोना के 607 नए मामले आए। इससे पहले इस साल 6 जनवरी को 654 मामले आए थे। दिल्ली में पिछले 7-8 दिनों में संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ती जा रही है। यही नहीं अब संक्रमण दर भी बढ़ रहा है। एक मार्च को दिल्ली का संक्रमण दर 0.44 प्रतिशत था जो 18 मार्च को 0.76 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

Exit mobile version